बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के निर्देश पर शनिवार को ज्यादातर डिग्री कॉलेजों ने स्नातक प्रथम वर्ष की मेरिट जारी कर दी। इसके साथ ही मेरिट देखने और एडमिशन संबंधी जानकारियों के लिए महाविद्यालयों में छात्र-छात्राओं की भीड़ उमड़ने लगी है। पहले दिन करीब आठ हजार अभ्यर्थियों ने एडमिशन भी ले लिया है।
स्नातक पाठ्यक्रम बीए, बीएससी और बीकॉम प्रथम वर्ष के लिए विश्वविद्यालय ने आठ अप्रैल को ऑनलाइन पंजीकरण शुरू किए थे। 20 जून तक चली प्रक्रिया के दौरान विश्वविद्यालय से संबद्ध 500 से अधिक डिग्री कॉलेजों में एडमिशन के लिए करीब 1,48,500 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराए हैं। इनके लिए शनिवार को अधिकांश कॉलेजों ने मेरिट लिस्ट जारी कर दी है। इसके चलते मेरिट लिस्ट देखने के लिए कॉलेजों में शनिवार को विद्यार्थियों की भी उमड़ी रही।
वेबसाइट पर देखें बरेली कॉलेज की मेरिट
बरेली कॉलेज के मुख्य प्रवेश समन्वयक डॉ. अनुराग मोहन ने बताया कि पहली मेरिट लिस्ट कॉलेज की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। इसके अंतर्गत आने वाले छात्र-छात्राओं के एडमिशन दो-चार जुलाई तक होंगे। इसके अलावा अभ्यर्थियों को काउंसलिंग को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर मेसेज भी भेज दिया गया है। इसके बाद दूसरी मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी।
कोर्स दो जुलाई तीन जुलाई चार जुलाई
बीए 93.78-77.51 77.42-73.25 73.21-70.87
बीकॉम 96.20-79.44 79.40-74.35 74.23-70.96
बीएससी बायो 97.68-79.14 78.98-75.87 75.85-74.35
बीएससी मैथ 96.39-81.8 81.77-77.76 77.75-75.95
अवंतीबाई में उमड़ी भीड़
वीरांगना रानी अवंतीबाई डिग्री कॉलेज में मेरिट लिस्ट नोटिस बोर्ड पर पहली चस्पा करने के साथ ही महाविद्यालय की वेबसाइट पर भी जारी कर दी गई है। कॉलेज की प्राचार्य डॉ. बीना पांडेय ने बताया, मेरिट लिस्ट में आने वाली छात्राओं के एडमिशन एक से चार जुलाई तक पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर दो बजे तक होेंगे। सीटें रिक्त रह जाने पर चार जुलाई को दूसरी मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी।
साहू रामस्वरूप में सोमवार से एडमिशन
साहू रामस्वरूप महिला महाविद्यालय में भी शनिवार को मेरिट लिस्ट नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दी गई है। मेरिट लिस्ट देखने के लिए यहां भी छात्राओं की भीड़ उमड़ी। प्राचार्य डॉ. राकेश अरोरा ने बताया कि सोमवार से एडमिशन कर दिए जाएंगे।
निजी कॉलेजों की भरमार, सीटें भरनी मुश्किल
रुहेलखंड विश्वविद्यालय से बरेली, अमरोहा, बिजनौर, बदायूं, मुरादाबाद, पीलीभीत, रामपुर, संभल और शाहजहांपुर जिलों में 500 से अधिक कॉलेज संबद्ध हैं। इन कॉलेजों में स्नातक कक्षाओं में 1,47,782 सीटें उपलब्ध हैं और आवेदन 1.48 लाख ही आए हैं। मगर निजी कॉलेजों की बढ़ती संख्या के चलते कॉलेज संचालक सीटें भरने को लेकर चिंतित हैं।