बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने वर्ष 2019 की प्रयोगात्मक एवं मौखिक परीक्षा से छूटे अभ्यर्थियों को एक और मौका दिया है। आठ और नौ जुलाई को यह अभ्यर्थी बरेली और मुरादाबाद में बने केंद्रों पर परीक्षा दे सकेंगे। इसके लिए उन्हें विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी के नाम 1250 रुपये ड्राफ्ट बनवाकर जमा करना होगा। अगर किसी अभ्यर्थी की एक से ज्यादा विषय की प्रयोगात्मक या मौखिक परीक्षा छूटी है तो उन्हें प्रति परीक्षा 1250 रुपये का ड्राफ्ट देना होगा।
आठ जुलाई को बीए (भाग एक, दो एवं तीन)- भूगोल, मनोविज्ञान, बीए/बीकॉम, एडवरटाइजिंग एंड सेल्स प्रमोशन, टीटीएम, एमए (भाग एक व दो)- भूगोल, मनोविज्ञान की परीक्षा हिंदू कॉलेज मुरादाबाद में होगी। नौ जुलाई को बीए भूगोल, मनोविज्ञान विषयों को छोड़कर समस्त विषय एवं बीए/बीकॉम पाठ्यक्रम (ऑफिस मैनेजमेंट- ग्रुप एच) की प्रयोगात्मक परीक्षा, बीएससी (भाग एक, दो एवं तीन) - समस्त विषयों की प्रयोगात्मक परीक्षा, एमएससी (समस्त) विषयों की प्रयोगात्मक परीक्षा, बीकॉम मौखिकी परीक्षा, एमए (भूगोल, मनोविज्ञान को छोड़कर) समस्त विषयों की प्रयोगात्मक/ मौखिक परीक्षा और एमकॉम की प्रयोगात्मक/ मौखिक परीक्षा बरेली कॉलेज में होगी। यह परीक्षा सुबह दस बजे से शुरू होगी।