बदायूं। डीएम दिनेश कुमार सिंह, एसएसपी अशोक त्रिपाठी ने पूरे अमले के साथ इंदिरा चौक से छह सड़का तक पैदल गश्त करते हुए शहर की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान बाइक पर बिना हेलमेट तीन सवारी पाए जाने पर बाइक को पुलिस हिरासत में लेकर सीज करने की कार्यवाही की गई। डीएम ने दुकानदार व राहगीरों से भी बात कर उनकी मंशा को जाना।
शनिवार को डीएम, एसएसपी ने पुलिस बल सहित विद्युत, श्रम, चिकित्सा व नगर नालिका परिषद के अधिकारियों के साथ पैदल चल कर स्थिति को देखा। डीएम ने पुराने आंवला बस स्टैंड की खाली पड़ी जगह के संबंध में एडीएम राम निवास शर्मा को निर्देश दिए कि इस जगह का पूरा विवरण उन्हें उपलब्ध कराया जाए। पंडित जी पेट्रोल पंप के पास एक युवक को स्कूटी चलाते हुए मोबाइल पर वार्ता करते पाया। ऐसे में दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने उसका मोबाइल जब्त करा लिया। डीएम, एसएसपी ने ठेले पर आम बेचने वाले को भी चेक किया कि कहीं यह प्रतिबंधित पॉलीथिन का तो प्रयोग नहीं कर रहा है, उसके पास कपड़े की थैली पाए जाने प्रसन्नता जताई। उन्होंने दुकानदारों से अपेक्षा की कि साप्ताहिक बंदी के दिन दुकानें बंद रखें। एसएसपी ने कहा कि 15 दिन में एक बार इस प्रकार की गश्त विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ होती रहेगी। उन्होंने कहा कि इस कार्य में जनता की सहभागिता भी अपेक्षित है। इस मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट केके अवस्थी, सीओ सिटी राद्यवेंद्र सिंह राठौर मौजूद रहे।