बरेली। जंक्शन पर प्लेटफार्म दो की पटरी और स्लीपर बदलने का काम शुरू होने से तीन ट्रेनें वाशिंग लाइन में खड़ी होने से आला हजरत और दिल्ली पैसेंजर एक घंटे देरी से जंक्शन से चलाई गई। दिल्ली और लखनऊ जाने वाली ट्रेनें प्लेेटफार्म तीन और चार से रवाना हुईं। यात्रियों को सबसे ज्यादा दिक्कत प्लेटफार्म चार पर आवागमन से हुई।
मंगलवार को इंजीनियरिंग अनुभाग ने प्लेटफार्म दो की पटरियां और स्लीपर बदलने के लिए काम शुरू कर दिया। सुबह से बुलडोजर ने पटरियां उखाड़ने का काम शुरू किया। हालांकि पानी बरसने से काम कई बार रोका गया। उधर, सुबह साढ़े छह बजे जंक्शन से रवाना होने वाली आला हजरत एक्सप्रेस और बरेली दिल्ली पैसेंजर एक-एक घंटे देरी से रवाना हुई। सूत्रों का कहना है कि चार लाइन की वाशिंग लाइन में तीन ट्रेनें, बरेली नई दिल्ली इंटरसिटी, बरेली प्रयाग प्रयागराज एक्सप्रेस और बरेली अलीगढ़ पैसेंजर, खड़ी होने से आला हजरत और बरेली दिल्ली पैसेंजर शंटिंग में फंस गई। हालांकि स्थानीय रेलवे अधिकारियों का कहना है कि आला हजरत एक्सप्रेस सोमवार की रात पांच घंटे देरी से करीब एक बजे जंक्शन पहुंची थी, जिससे सुबह एक घंटा देरी से रवाना हुई। दूसरी ओर दिल्ली से आने और जाने वाली ट्रेनें प्लेटफार्म तीन और चार से रवाना हुईं, जिसको लेकर यात्रियों में मारामारी रही। ऐन मौके तक उन्हें पता ही नहीं चल सका कि उनकी ट्रेन कौन से प्लेटफार्म पर आएगी। सबसे ज्यादा दिक्कत प्लेटफार्म चार पर आने वाली ट्रेनों की रही। प्लेटफार्म बदलने पर उन्हें काफी दिक्कत हुई। पानी बरसने से मेंटीनेंस का काम भी कई घंटे प्रभावित रहा।
इंटरसिटी एक्सप्रेस के यात्रियों में रही मारामारी
जंक्शन से सुबह 4.55 बजे चलने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस रद्द होने से यात्रियों में काफी मारामारी रही। 15 दिन के लिए ट्रेन रद्द होने की सूचना रेलवे ने एसएमएस से यात्रियों को भेज दी थी, लेकिन साधारण टिकट के यात्री तय समय पर जंक्शन पहुंचे। उन्हें ट्रेन न चलने का पता चला तो सभी यात्री आला हजरत एक्सप्रेस से दिल्ली की ओर रवाना हुए। उन्हें साधारण कोच में बर्थ पाने के लिए काफी जद्दोजहद करनी पड़ी।
बदले रूट से नहीं चलेंगी गरीब नवाज और शहीद एक्सप्रेस
रेलवे ने चारबाग स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक व बरेली स्टेशन पर मरम्मत कार्य के चलते ट्रेनों को डायवर्ट करने का फैसला वापस ले लिया है। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि 14649 जयनगर-अमृतसर एक्सप्रेस (14649/14650) और किशन गंज अजमेर शरीफ गरीब नवाज एक्सप्रेस (15716/15716) निर्धारित तय रूट से ही चलेंगी।