बरेली। मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस बार बेसिक शिक्षा विभाग के सभी स्कूल मंगलवार 25 जुलाई से खोले जाएंगे। इस दौरान सिर्फ स्टाफ ही मौजूद रहेंगे, बच्चे एक जुलाई से स्कूल जाएंगे। एक सप्ताह पहले स्कूल खोलने के इस आदेश को लेकर शिक्षकों में रोष है।
पिछले दिनों हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने 25 जून से स्कूल खोलने का आदेश दिया था। इसके बाद से ही शिक्षकों और स्टाफ में हड़कंप मचा है। इसी क्रम में डीआईओएस और बीएसए ने भी मंगलवार से स्कूल खोलने का निर्देश जारी कर दिया है। इसके साथ ही गाइडलाइन जारी करके शिक्षकों को इस समय साफ.-सफाई, छात्र-छात्राओं के लिए अलग शौचालय और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था करने को कहा है। डीआईओएस डॉ. अचल कुमार मिश्र ने बताया कि प्रधानाचार्य के साथ ही सभी शिक्षकों और कर्मचारियों को भी स्कूल पहुंचना है। इस दौरान एक जुलाई से सात जुलाई तक होने वाले कार्यों को 30 जून तक कराने का निर्णय लिया गया है ताकि एक जुलाई से कक्षाओं का नियमित संचालन हो सके।
स्कूली वाहन के लिए परमिट अनिवार्य
डीआईओएस ने स्कूली वाहनों को बिना परमिट के नहीं चलाने का निर्देश दिया है। साथ ही उन्होंने ड्राइवर और कंडक्टर का पुलिस से सत्यापन कराने के भी निर्देश दिए हैं।