बरेली। करीब पांच साल पहले सपा के शासनकाल में बहेड़ी में करीब 250 एकड़ जमीन पर बनी मेगा फूड पार्क प्रोजेक्ट में आ रही अड़चनों को प्रशासन दूर करेगा। यहां सड़क और ड्रेनेज सहित दूसरी बुनियादी सुविधाएं न मिलने से यहां उद्यमी पहुंची ही नहीं है। इस बीच, इस प्रोजेक्ट के जमीन को ट्रांसफर करने को लेकर भी गड़बड़ी सामने आई है। हाल में सीएम के दूत बनकर आए जिले के प्रभारी अधिकारी आबकारी आयुक्त पी. गुरुप्रसाद के सामने भी यह मामला उठा था। इसके बाद प्रशासन ने इन दिक्कतों को दूर करने के लिए होमवर्क शुरू कर दिया है।
बहेड़ी के मुड़िया मुकर्रमपुर पांच साल से मेगा फूड पार्क विकसित करने की कवायद चल रही है। इसके लिए प्रशासन ने सीलिंग की 250 एकड़ जमीन राज्य औद्योगिक विकास निगम को हैंडओवर की थी। इसके बाद यहां उद्यमियों को मुख्य मार्ग से कनेक्टविटी, पानी की सप्लाई, ड्रेनेज सिस्टम सहित दूसरी सुविधाएं देनी है, लेकिन यह अब तक पूरा नहीं हो सका है। शासन में कई बार मीटिंग के बाद यहां तैनात रही डीएम पिंकी जोवल ने यूपीएसआईडीसी के अफसरों को पंजाब व हरियाणा में बने मेगा फूड पार्क का जायजा लेने के भेजने की बात कही थी। बाद में डीएम बदल गई और इन राज्यों में प्रस्तावित दौरा भी नहीं हो सका। हालत यह है कि यहां अब तक एक भी फूड प्रोसेसिंग यूनिट नहीं लग सकी हैं। इधर, इस मेगा फूड पार्क को लेकर एक गड़बड़ी और सामने आई है। राज्य सरकार ने इस प्रोजेक्ट के लिए करीब ढाई सौ एकड़ जमीन को राज्य्र औद्योगिक विकास निगम को ट्रांसफर किया था। शासन की जांच में यह सामने आया है कि इसकी प्रक्रिया में अधिकारियों ने सर्किल रेट दर का उल्लंघन किया। इस मामले में शासन ने डीएम से कई बिंदुओं पर रिपोर्ट मांगी है। शासन का कहना है कि स्टांप में गड़बड़ी से करीब डेढ़ सौ करोड़ का नुकसान हुआ है। जिले के प्रभारी अधिकारी पी. गुरुप्रसाद के सामने यह प्रकरण पहुंचने के बाद प्रशासन एक बार फिर सक्रिय हो गया है। डीएम अधिकारियों के साथ इस प्रोजेेक्ट का मौका मुआयना करने के साथ इसमें फंस रहे पेच को दूर करने के लिए होमवर्क शुरू करने की बात कही है।
सीएम कर सकते हैं संकर पशु उत्थान केंद्र का उद्घाटन
-मेगा फूड पार्क के पास ही शासन ने पशुओं की नस्ल को विकसित करने के लिए संकर पशु उत्थान केंद्र भी स्थापित किया है। हालांकि इस काम लगभग पूरा हो चुका है। बताते हैं कि जल्द ही सीएम योगी इसका उद्घाटन कर सकते हैं।
मेगा फूड पार्क शासन की महत्वपूर्ण परियोजना है। जल्द ही वह खुद जायजा लेंगे। मेगा फूड पार्क को लेकर जो भी दिक्कत आ रही है, उनका जल्द से जल्द समाधान निकाला जाएगा। -वीरेंद्र कुमार सिंह, जिलाधिकारी