बरेली। ताबड़तोड़ वाहन चेकिंग और माल लदे वाहनों की दिन में नो एंट्री से परेशान कई व्यापारियों ने शनिवार को एसपी ट्रैफिक से मिलकर राहत दिलाने की मांग की। कहा कि दुकानों के बाहर खड़ी कारें उठाई जा रही हैं और पार्किंग की सुविधा भी नहीं दी जा रही। एसपी ट्रैफिक ने कहा कि दुकानदार ही अपना सामान बाहर लगाए बैठे हैं। फिर वाहन भी खड़े कराते हैं। वे इतना वादा कर सकते हैं कि जिस दुकान के सामने सामान नहीं होगा, वहां सीमित जगह में खड़े वाहन का चालान नहीं कराएंगे। टीआई को उनके साथ भेजकर चौपुला के पास अतिक्रमण और सड़क का निष्प्रयोज्य हिस्सा दिखवाया गया। सहयोग को तैयार व्यापारी बोले कि वह खुद समस्या निदान को मेयर और नगर आयुक्त से बात करेंगे।
प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के मंडल महामंत्री पवन अरोरा के साथ संगठन के कई व्यापारी सनिवार दोपहर एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार से मिले। उन्हें बताया कि वाहन चेकिंग में अब कई गुना जुर्माना पड़ रहा है। कई बुजुर्ग व्यापारियों का भी चालान काट दिया गया। दिन में लोडर आदि से उनका माल मार्केट की ओर आता है तो पुलिस चालान काट देती है। कुछ व्यापारियों ने कहा कि वे सत्तापक्ष से जुड़े हैं, उनका और परिवार के लोगों का चालान होता है तो अजीब सा लगता है। अभियान में व्यापारी वर्ग को कुछ राहत दी जाए। यह भी कहा कि दुकानों के सामने बाइक और कारें उठा ली जाती हैं, यह भी रोका जाए। तब एसपी ट्रैफिक ने उनसे कहा कि अभियान शासन और अधिकारियों के निर्देश पर चल रहा है, इसमें किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जा सकता। हम पुलिसकर्मियों के वाहनों का भी बड़ी संख्या में चालान कर रहे हैं। इसलिए बेहतर रहेगा कि सारे कागजात व हेलमेट आदि लेकर निकलें। यह भी कहा कि दुकानों के आगे सामान लगाकर व्यापारी ही जगह घेरते हैं। वे सामान हटाएं तो ग्राहकों के वाहन खड़े होने को जगह हो जाएगी। उन्होंने कहा कि चौपुला पर ओवरब्रिज के नीचे अतिक्रमण है, काफी जगह निष्प्रयोज्य भी पड़ी है। नगर निगम यहां अतिक्रमण हटवाकर टायल्स लगवा दे तो टेंपो लाइन से खड़े कराने को जगह बन सकती है। इससे चौराहा खाली रहेगा। उन्होंने व्यापारियों से सहयोग मांगा और वह जगह देखने टीआई परवेज अली के साथ भेज दिया।
व्यापारी बोले- सामान हटवाओ, हम आपने साथ
- एसपी ट्रैफिक से लंबी चर्चा के बाद व्यापारी मान गए कि अतिक्रमण शहर की तरक्की में नासूर है। उन्होंने कहा कि आप दुकानों के बाहर लगा सामान चाहे हटवाओ चाहे जब्त करो, संगठन आपसे सिफारिश नहीं करेगा। वे लोग खुद भी व्यापारियों को इस बारे में सचेत कर देंगे पर बिना गलती के व्यापारी के सम्मान को ठेस नहीं पहुंचनी चाहिए। मुलाकात करने वाले व्यापारियों में संगठन के महानगर अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, महामंत्री सुरेश अग्रवाल, भवानी दत्त जोशी, राजीव अग्रवाल व अल वकील आदि शामिल थे।
- व्यापारी अपनी समस्या लेकर आए थे। उसमें जो राहत दे सकते हैं वो दी जाएगी। उन्हें अतिक्रमण का हाल दिखाया गया तो वह खुद पूरी तरह सहयोग देने को तैयार हो गए। उनकी मदद और दूसरे विभागों के सहयोग से पुलिस रास्ते खाली कराएगी। - सुभाष चंद्र गंगवार, एसपी ट्रैफिक
सीओ सिटी ने हटवाए फड़
सीओ सिटी कुलदीप कुमार ने शनिवार शाम कुतुबखाना से कोतवाली तक फोर्स के साथ निरीक्षण कर सड़क किनारे लगे फड़ हटवा दिए। उन्होंने ठेले, ई रिक्शा आदि को भी हटवाया और दोबारा नजर आने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। इस छापामारी से हड़कंप की स्थिति रही। थोड़ी ही देर में सड़क काफी चौड़ी नजर आने लगी।
एलएलबी स्टूडेंट की पड़ताल, पुलिसवाले तोड़ रहे नियम
बरेली कॉलेज में एलएलबी फाइनल इयर के स्टूडेंट शिवम जायसवाल ने मोबाइल एप के आधार पर पड़ताल कर नतीजा निकाला कि पुलिसकर्मी ही सर्वाधिक ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों में से हैं। शिवम ने पहले तो अपने मोबाइल से बिना हेलमेट चल रहे पुलिस वालों के फोटो लिए और बाद में उनकी बाइक के नंबर का रिकार्ड निकलवाया। ज्यादातर वाहन संबंधित पुलिसकर्मियों व उनके परिवार के लोगों के नाम थे।