बरेली। आर्य समाज अनाथालय प्रशासन पर अधेड़ से शादी कराने की कोशिश का आरोप लगाने वाली संवासिनी का मोबाइल बुधवार रात खो गया। इस पर उसने 100 नंबर डायल कर पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने अनाथालय के बच्चों से पूछताछ कर उनकी तलाशी भी ली लेकिन फोन एक बच्चे को कूड़ेदान में पड़ा मिला।
कुछ दिन पहले इसी संवासिनी ने अनाथालय प्रबंधन पर उम्र से दो गुने व्यक्ति से जबरन शादी कराने की कोशिश का आरोप लगाया था। सिटी मजिस्ट्रेट ले जांच की तो आरोप गलत निकला। बुधवार रात इसी संवासिनी ने मोबाइल चोरी होने की सूचना देकर पुलिस बुला ली। बिहारीपुर चौकी का स्टाफ और कोतवाली से महिला एसआई सुमन वर्मा भी पहुंच गईं। उन्होंने अनाथालय में सभी बच्चों को बुलाकर पूछताछ कर उनकी तलाशी भी ली। वार्डन रोली दुबे से भी जानकारी मांगी गई। मगर अगले दिन संवासिनी का मोबाइल पास ही एक कूड़ेदान से मिल गया। वहीं, अनाथालय के प्रधान हर्षवर्धन का कहना है कि संवासिनी का बयान संतोषजनक नहीं है। उन्होंने इस संबंध में जिला प्रोबेशन अधिकारी नीता अहिरवार को भी पत्र भेजा है।