बरेली। बिजली विभाग सभी जिलों में एक-एक माडल उपकेंद्र बनाएगा। इन चिह्नित उपकेंद्रों पर उपभोक्ता संबंधी समस्याएं मौके पर हल करके कनेक्शन भी तुरंत ही मिलेंगे। बरेली मंडल में सुभाषनगर, नकटिया पांच समेत उपकेंद्र चिह्नित कर प्रस्ताव मुख्यालय भेजा गया है।
पिछले माह मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने समीक्षा बैठक में सभी शहर और जिलों में एक-एक माडल उपकेंद्र तैयार करने पर जोर दिया था। इसके तहत ही सभी जिलों में माडल उपकेंद्रों का चिह्नीकरण शुरू हो गया है। मंडल में सुभाषनगर, नकटिया (बरेली), निगोही (शाहजहांपुर), स्टोर सेंटर (पीलीभीत), कार्यशाला उपकेंद्र (बदायूं) तय हो गए हैं। जोनल चीफ इंजीनियर कार्यालय ने इसका प्रस्ताव मध्यांचल विद्युत वितरण निगम को सौंप दिया है।
यह मिलेंगी सुविधाएं
चिह्नित माडल उपकेंद्रों पर सुबह आठ से रात आठ बजे तक बिल जमा होंगे। घरेलू कनेक्शन प्रक्रिया हाथों हाथ पूरी होगी। गलत बिल सुधारे जाएंगे। शत प्रतिशत बिलिंग उपकेंद्र से ही होगी, मीटर रीडर मौके पर नहीं जाएंगे। साथ उपकेंद्र से पोषित इलाकों को 24 घंटे सप्लाई होगी। उपभोक्ताओं को बैठने का स्थान, शेड, पेयजल आदि जन सुविधाएं भी सुनिश्चित होंगी। सभी माडल उपकेंद्र अगले माह से शुरू करने की कवायद भी शुरू हो गई है।