फतेहगंज पूर्वी। बेकाबू ट्रक बुधवार रात करीब दस बजे जैतीपुर रेलवे क्रॉसिंग का बूम तोड़ते हुए ट्रैक पर पहुंच गया। बूम टूटने से सिग्नल प्रणाली ठप हो गई। जिसे रेलवे इंजीनियरिंग टीम ने करीब चार घंटे बाद दुरुस्त किया। इस दौरान ट्रेनों को कॉशन पर गुजारा गया। कई ट्रेनें बीस मिनट देरी से चलाई गईं। वहीं गेट पर तैनात आरपीएफ ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर बरेली भेज दिया।
तेज रफ्तार ट्रक बुधवार रात करीब दस बजे बिलपुर रेलवे स्टेशन के पूर्वी केबिन से सटे जैतीपुर रेलवे क्रॉसिंग संख्या 344 का बूम तोड़ता हुआ ट्रक के बीच पहुंच गया। उस वक्त बरेली की ओर जाने वाली गुड्स ट्रेन को गुजारने के लिए बूम गिराया गया था। बूम टूटने से बिलपुर रेलवे स्टेशन की सिग्नल प्रणाली ठप हो गई। बरेली की ओर जाने वाली गुड्स ट्रेन होम सिग्नल में प्रवेश कर रही थी। अचानक लाल सिग्नल देखकर मालगाड़ी के चालक ने इमर्जेंसी ब्रेक लगा दी। यदि मिनी ट्रक से कुछ पहले मालगाड़ी न रुकती तो ट्रक के परखच्चे उड़ जाते। सिग्नल प्रणाली ठप होने से रेलवे अफसरों में खलबली मच गई। आनन-फानन में इंजीनियरिंग टीम को बूम की मरम्मत के लिए भेजा गया। रात दो बजे बूम दुरुस्त हो सका। इस दौरान अप और डाउन लाइन की ट्रेनों को कॉशन देकर गुजारा गया। दून एक्सप्रेस, पंजाब मेल, चंडीगढ़ सुपर फास्ट, काशी विश्वनाथ, श्रमजीवी, सत्याग्रह एक्सप्रेस, प्रयागराज- हरिद्वार एक्सप्रेस सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनें बीस मिनट देरी से चलाई गईं। वहीं ट्रक चालक को क्रॉसिंग पर तैनात आरपीएफ ने हिरासत में लेकर बरेली भेज दिया।