बरेली। तीन दिनों तक बादलों के साए में रहे शहरवासियों को बुधवार से फिर तेज धूप का दंश सहना पड़ सकता है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक हवाओं की दिशा बदलने से आसमान में छा रहे बादल छंट गए हैं। जिसकी वजह से अब फिर तेज धूप खिलने की आशंका है। वहीं, बादल छाने से नमी बढ़ने के कारण धूप खिलने पर उमस और चिपचिपी गर्मी से लोगों को दो चार होना पड़ेगा।
मंगलवार को भी बादल छाए रहे। साथ चल रही हवाओं ने ठंडक का एहसास कराया, पारा भी एक डिग्री गिर गया पर काले बादल देख बारिश की उम्मीद लगाए लोगों को निराशा ही हाथ लगी। मौसम में आए हल्के बदलाव के कारण काफी दिनों बाद शाम को सड़कों पर कुछ रौनक देखने को मिली। मंगलवार को अधिकतम तापमान 36.4 और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने करीब पांच दिनों तक आसमान साफ रहने से फिर तेज धूप खिलने की संभावना जताई है।