बरेली। चेतावनी दिए जाने के बाद भी यू-डायस प्लस पोर्टल पर स्कूलों का डाटा फीड करने से बच रहे स्कूलों की मान्यता रद्द किए जाने के निर्देश बीएसए ने दिए हैं। उन्होंने स्कूल संचालक और प्रिंसिपल को नोटिस जारी कर दो दिन में डाटा पोर्टल पर अपलोड करने की मोहलत दी है। इसके बाद भी डाटा अपलोड न करने पर स्कूलों की मान्यता रद्द किए जाने की चेतावनी दी है।
जिला सूचना प्रबंधन प्रणाली, सर्व शिक्षा अभियान के प्रभारी प्रशांत गंगवार ने बताया कि बार-बार बताए जाने के बाद भी निजी स्कूल संचालक डाटा अपलोड नहीं कर रहे। सरकारी स्कूलों की संख्या दस फीसदी से भी कम है और 65 प्रतिशत से ज्यादा निजी स्कूलों ने अब तक ऑनलाइन पोर्टल पर डाटा अपलोड नहीं किया है। सभी की सूची बीएसए को भेज दी गई है। वहीं, बीएसए तनुजा त्रिपाठी ने दो दिन में डाटा अपलोडिंग कार्य पूरा न करने वाले स्कूलों के खिलाफ मान्यता रद्द किए जाने की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।