बरेली। शाहदाना चौराहे के पास इन दिनों अच्छी भली सड़क खोदकर वाटर पाइप लाइन डालने का काम चल रहा है। रोज रात में जेसीबी से यहां सड़क की खुदाई होती है। सुबह गड्ढों को बिना सही से बंद किए बजरी डालकर मजदूर चले जाते हैं। नतीजा ये है कि श्यामगंज से शाहदाना तक एक साइड का रोड उखड़ा पड़ा है। इससे राहगीरों और दुकानदारों को खासी दिक्कत हो रही है जो बरसात में बढ़ सकती है। दूसरे झंझटों में फंसा नगर निगम सड़क को दुरुस्त नहीं करा रहा और न ही सड़क खोदने वालों की निगरानी की जा रही है। दिन भर यहां धूल उड़ती रहती है। अमर उजाला टीम ने शुक्रवार रात और शनिवार दिन में अमर उजाला ने कैमरे की नजर से यहां का हाल देखा। दुकानदारों और स्थानीय लोग भी परेशान दिखे।
आधी रात में जेसीबी से उधेड़ रहे सड़क
रात ढाई बजे शाहदाना चौराहे पर जेसीबी से सड़क उधेड़ी जा रही थी। श्यामगंज चौराहे की ओर जाने वाले रोड पर दाईं ओर खुदाई की जा रही थी। सड़क को करीब तीन फुट चौड़ा और चार फुट गहरा खोदा जा रहा था। इसमें लोहे के चौड़े पाइप डाले जा रहे थे। जहां पाइप डाल दिया गया था, उस जगह पर मजदूर यूं ही बजरी और मिट्टी डाल दे रहे थे। उसे दबाने की कोशिश भी नहीं की जा रही थी। किसी ने नगर निगम तो किसी ने इसे जल निगम का काम बताया। कहा कि नई वाटर पाइप लाइन डाली जा रही है। हालांकि लोहे के पाइप पुराने लग रहे थे।
दिन में बजरी और धूल से परेशानी
शनिवार दोपहर यहां काम बंद था। बजरी को यूं ही डालकर छोड़ दिया गया था जिससे वाहन चालकों को परेशानी हो रही थी। बाइक और स्कूटी चालक फिसल रहे थे। टेंपो वाले भी सावधानी से वाहन निकाल रहे थे। हवा के साथ मिट्टी उड़ रही थी। इससे राहगीरों के साथ ही आसपास के दुकानदारों को दिक्कत हो रही थी। लोग व्यवस्था को कोस रहे थे।
न किसी ने ली अनुमति, न कोई पूछने वाला
सड़क खोदकर पाइपलाइन डालने का काम जल निगम कर रहा है और यह सड़क अभी सेतु निगम की निगरानी में है। मगर जल निगम ने न तो सड़क की खुदाई के लिए अनुमति ली है और न ही सेतु निगम ने उनसे इसका कारण पूछा। पिछले दिनों अमर उजाला ने यह मामला उठाया भी था लेकिन किसी के कान पर जूं नहीं रेंगी।