बरेली। स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही अंडर-16 बरेली प्रीमियर क्रिकेट लीग-2019 का फाइनल मुकाबला बरेली वारियर्स की टीम ने जीत लिया। बरेली वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित चार दिनी प्रतियोगिता के अंतिम दिन उसने बरेली टस्कर की टीम को 16 रनों के अंतर से परास्त कर खिताब अपने नाम किया।
टॉस जीतकर वारियर्स के कप्तान अब्दुल जीशान ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। 19.4 ओवर में वारियर्स के खिलाड़ी सभी विकेट खोकर 115 रन ही बना सके। टीम के खिलाड़ी अनंतवीर ने सर्वाधिक 46 व शिवांश ने 22 रनों का योगदान दिया। टस्कर के अनंत तिवारी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार व वसीम ने दो विकेट लिए। जवाब में खेलने उतरी टस्कर की टीम निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट खोकर मात्र 99 रन ही बना सकी। टीम के अधीश ने 38, जसवीर ने 24 रनों का योगदान दिया। विजेता टीम के अनंतवीर को मैन ऑफ द मैच, अब्दुल जीशान को मैन ऑफ द सीरीज, शशिकांत को बेस्ट बल्लेबाज व अभिषेक प्रताप को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज के खिताब से नवाजा गया। विजेता व उप विजेता टीम को मुख्य अतिथि संजय दीक्षित, विशिष्ठ अतिथि क्षेत्रीय क्रीडा अधिकारी विजय कुमार, एनआईएस कोच सचित सक्सेना ने ट्राफी प्रदान की। इस मौके पर क्रिकेट कोच सुनील कुमार सिंह समेत कई क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे।