बरेली। जिला योजना संरचना वर्ष 2019-20 में हुए कामों को चेक करने शासन की ओर से नामित प्रभारी अधिकारी प्रमुख सचिव बाल विकास एवं पुष्टाहार मोनिका एस. गर्ग 15 से 20 जून के बीच यहां आएंगी। इस संबंध में यहां हुई एक बैठक में डीएम वीरेंद्र कुमार ने संबंधित अधिकारियों कोे निर्देश दिए कि जिला योजना में पिछले वर्ष में जितनी धनराशि खर्च हुई है, उसकी और प्रस्तावित कार्यों की सूची तैयार कर लें। साथ ही जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी को इसकी रिपोर्ट भी उपलब्ध करा दें।
डीएम ने कहा कि इस दौरान वह जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगी। साथ ही तहसील, चिकित्सालय, स्कूल आदि का भ्रमण कर आम जनता की मूल आवश्यक सुविधाओं के साथ कार्यालयों की साफ-सफाई का भी निरीक्षण करेंगी। वह बड़ी लागत की कम से कम एक परियोजना के निर्माण की स्थिति भी देखेंगी। डीएम ने बताया कि प्रभारी अधिकारी तहसील, थाना दिवस, आईजीआरएस, सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त होने वाली शिकायतों के निस्तारण की रैंडम चेकिंग भी करेंगी।
उन्होंने कहा कि आधारभूत योजनाओं की पूरी सूचना लेकर ही बैठक में उपस्थित हों। सही जवाब न देने वाले अधिकारियों को एडवर्स इंट्री दी जाएगी। इस मौके पर सीडीओ सत्येंद्र कुमार के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।