बरेली। चौकी चौराहा की मस्जिद में शुक्रवार को जमे की नमाज शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गई। प्रशासन से तय व्यवस्था के अनुसार ही मस्जिद के बाहर दो सफों में ही नमाज संपन्न कराई गई। इसके बाद पहुंचे नमाजियों को नौमहला व अन्य मस्जिद में भेज दिया गया।
चौकी चौराहा की मस्जिद में पिछले दो जुमे से मस्जिद के बाहर सड़क पर नमाज पढ़ने को लेकर विवाद चल रहा था। एक तरफ की पूरी सड़क घिर जाने की वजह से अलविदा की नमाज पर पुलिस प्रशासन ने एतराज जताया था। इसके बाद पिछले जुमे को भी यही स्थिति हुई। इस पर दरगाह आला हजरत से जुड़े सभी संगठनों के लोग पहले कोतवाली बात करने के लिए पहुंचे। यहां किसी अधिकारी के न मिल पाने की वजह से संगठनों के सभी प्रतिनिधि चौकी चौराहा मस्जिद पहुंच गए। इसमें एसपी सिटी सहित अन्य पुलिस अधिकारियों के पहुंचने पर पुलिस चौकी कार्यालय में संगठन के लोगों से वार्ता हुई। तय हुआ था कि आइंदा अगले जुमे से मस्जिद के बाहर दो सफों से ज्यादा में नमाज नहीं होगी। उसी के तहत इस शुक्रवार को मस्जिद की ओर व्यवस्था रखी गई। अलबत्ता, कुछ लोगों ने जल्दबाजी में मस्जिद की दुकानों के बाहर लिंटर पर भी नमाज अदा की।
यातायात बाधित न हो इसके लिए दो गार्ड और मस्जिद के कुछ इंतजामियां के साथ ही समाज सेवा मंच के भी कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया। इस दौरान पुलिस की भी व्यवस्था रही। मस्जिद और मंच की ओर से अध्यक्ष नदीम शमसी, मोहम्मद हाशिम कादरी, उमर कादरी, नवेद गुड्डू, मिलन शर्मा अखिलेश पाठक आदि का सहयोग रहा।
मुकदमा खत्म करने की गुजारिश
बरेली। नदीम शमसी ने कहा है कि शहर में अमन कायम रहना हम सबका मकसद है। जनता और प्रशासन के सहयोग से ही काम बेहतर होते हैं। इसके साथ ही उन्होंने उच्च अधिकारियों से गुजारिश की है कि जो नमाजियों के ऊपर मुकदमा हुआ है उसको समाप्त करने के लिए सकारात्मक कदम उठाने की मेहरबानी करें।