बरेली। सेटेलाइट चौराहे से कैंट ओर फुटपाथ को डेढ़ से दो फिट गड्ढा खोदने और दुर्घटना के लिए कोई सुरक्षा उपाय न किए जाने से खतरा बना हुआ था। सेतु निगम की लापरवाही के सामने आने के बाद बुधवार की शाम को फुटपाथ को सड़क लेवल के बराबर करने के लिए मिट्टी का पटान शुरू करा दिया गया।
सेतु निगम ने सेटेलाइट चौराहे से कैंट की तरफ फ्लाईओवर बनाने का काम शुरू किया। रोड के बीच में पुल की फाउंडेशन बनाने के लिए मशीनें और बोर्ड बेरिकेडिंग रखी हुई हैं। यहां पास में ही रोडवेज का बस अड्डा है। इस रोड से शाहजहांपुर की तरफ से सैकड़ों बसों के आवागमन के साथ शहर के ट्रैफिक का भी दबाव रहता है। इसके बावजूद सेतु निगम सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है। रोड के एक साइड में फुटपाथ को सही कराने के लिए करीब एक से डेढ़ फिट गहरी मिट्टी खोद दी है। करीब दो सौ मीटर लंबाई में खोदे गए इस फुटपाथ से हादसे रोकने के लिए बेरिकेडिंग तक नहीं लगाई गई थी। इससे यहां हादसे का खतरा बना हुआ था। बताते हैं कि सेतु निगम के अधिकारियों ने ठेकेदार को इसके लिए फटकार लगाई थी। इसके बाद बुधवार शाम फुटपाथ को सड़क के बराबर करने के लिए मिट्टी का पटान शुरू करा दिया गया।