शाहजहांपुर। चौक कोतवाली इलाके के बरेली मोड़ स्थित एक खोखे में घरेलू गैस सिलिंडर फटने से सोमवार की रात अचानक आग लग गई। आग से पास का दूसरा खोखा भी राख हो गया। हादसे में अजीजगंज चौकी पर तैनात सिपाही महेंद्र भी घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से बाद में छुट्टी दे दी गई। फायर ब्रिगेड ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
गांव मौजमपुर निवासी वासुदेव की बरेली मोड़ चौराहे से तिलहर की ओर जाने वाले मार्ग पर खोखे में फुटवियर की दुकान है। पास में अंडे का ठेला भी लगवाते हैं। रात करीब 10 बजे वह खोखा बंद करके घर चले गए। दुकान के अंदर गैस सिलिंडर रखा हुआ था। रात करीब ढाई बजे दुकान में अचानक आग लग गई। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। चीता मोबाइल पर ड्यूटी कर रहे हैं सिपाही महेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। लपटों के बीच तेज धमाका हुआ और सिलिंडर के टुकड़े महेंद्र के दायें पैर में लग गए। वह घायल होकर गिर पड़े। सिलिंडर फटने से पास की मोबाइल शॉप में भी आग लग गई। बाद में फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची तो करीब दो घंटों बाद आग पर काबू पाया जा सका।