बरेली। ग्रेजुएशन में एडमिशन के लिए रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने पंजीकरण की तिथि एक बार फिर बढ़ा दी है। बीए, बीएससी और बीकॉम में एडमिशन के लिए छात्र-छात्राएं अब 20 जून तक पंजीकरण करा सकते हैं।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने बीए, बीएससी और बीकॉम में एडमिशन के लिए आठ अप्रैल से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू किए थे। विश्वविद्यालय से संबद्ध करीब 500 महाविद्यालयों में इन कोर्स में 1,15,472 सीटें हैं। पंजीकरण के लिए पहली बार आवेदन की अंतिम तिथि 24 मई निर्धारित की गई थी। मगर इस तिथि तक पंजीकरण की रफ्तार बेहद सुस्त रही। इसको देखते हुए यह तिथि बढ़ाकर 30 मई और फिर 10 जून कर दी गई। बावजूद इसके पंजीकरण की संख्या 1.60 लाख तक ही पहुंच सकी। इसको देखते हुए विश्वविद्यालय ने सोमवार को पंजीकरण की तिथि एक बार फिर बढ़ाते हुए 20 जून कर दी है। इसके बाद 21 जून तक पंजीकरण का शुल्क जमा होगा और 22 जून तक पंजीकरण का प्रिंटआउट डिग्री कॉलेजों में जमा किया जा सकेगा। डिग्री कॉलेज 25 जून तक यह पंजीकरण ऑनलाइन कर 29 जून तक मेरिट लिस्ट तैयार कर 15 जुलाई तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी करेंगे।