बरेली। जाम की बढ़ती समस्या को देखते हुए ट्रैफिक सिस्टम में सुधार के लिए शहर में छह प्वाइंट चिह्नित किए गए हैं। इसको लेकर रिपोर्ट तैयार की गई है। जिसमें कहा गया है कि इन प्वाइंट पर जाम क्यों लग रहा है और इस दिक्कत को कैसे दूर किया जा सकता है। इसके लिए प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों के साथ ज्वाइंट प्लानिंग पर भी जोर दिया गया है। इस संबंध में एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार ने कमिश्नर रणवीर प्रसाद, डीएम वीरेंद्र कुमार के साथ नगर निगम को रिपोर्ट भेजी है। जिसमें इन प्वाइंट्स का हवाला देते हुए ट्रैफिक सिस्टम में होने वाले सुधार के बाबत जानकारी दी गई है।
प्वाइंट एक : चौपुला चौराहे के बाईं तरफ काफी जगह पड़ी है लेकिन ऊबड़-खाबड़ होने से उसका इस्तेमाल ट्रैफिक के लिए नहीं हो पा रहा है। अगर यहां इंटर लॉकिंग या रोड बना दी जाए तो काफी जगह हो जाएगी। इससे यहां जाम की समस्या से काफी हद तक छुटकारा मिल सकता है।
प्वाइंट दो : जहां से चौपुला पुल पर चढ़ते हैं वहां काफी गड्ढे हो गए हैं। इससे यहां वाहनों की गति धीमी पड़ जाती है और जाम लग जाता है। अगर ओवरब्रिज की सड़क की मरम्मत हो जाए तो जाम नहीं लगेगा।
प्वाइंट तीन : ईंट पजाया तिराहे पर प्रेमनगर की ओर जाने वाली रोड की बाईं साइड पर अगर पिच बन जाए तो रोड पर यातायात का दबाव कम किया जा सकता है। साथ ही यहां ऑटो और टेंपो को भी आसानी से खड़ा किया जा सकता है।
प्वाइंट चार : श्यामगंज चौराहे पर पुल के नीचे गांधी उद्यान की तरफ सड़क की साइड ठीक नहीं है। इसे ठीक करा दिया जाए तो चौराहे पर जाम की समस्या खत्म की जा सकती है।
प्वाइंट पांच : मिनी बाईपास पर रामपुर की ओर जाने वाली रोड अगर और चौड़ी हो जाए तो मिनी बाईपास वाले ट्रैफिक को बैरियर लगाकर डिवाइडर के किनारे रोका जा सकता है। इससे यहां ट्रैफिक का संचालन ग्रीन लाइट पर किया जा सकता है। इस व्यवस्था से भी जाम में कमी आएगी।
प्वाइंटर छह : सेटेलाइट तिराहे पर पीलीभीत रोड के दाहिनी तरफ काफी जगह खाली पड़ी है। इसकी मरम्मत कराकर ठीक किया जा सकता है। इससे शाहजहांपुर की ओर आने-जाने के लिए ट्रैफिक को काफी जगह मिल जाएगी।