बरेली। जियो मोबाइल नेटवर्क पिछले कई दिनों से अस्तव्यस्त चल रहा है। देर से कॉल मिलने और कॉलड्राप होने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। शनिवार को तो हद ही गई जब रेलवे का पूरा संचार नेटवर्क बैठ गया। मुरादाबाद और इज्जतनगर मंडल के अधिकारी भी अधीनस्थों को दिशा निर्देश नहीं दे सके। दोनों मंडलों में कर्मचारी कॉल ड्राप होने की समस्या से जूझते रहे।
जियो पैकेज में मिलने वाली इंटरनेट सेवाएं भी प्रभावित हैं। स्पीड नहीं मिलने और डाउनलोड स्लो होने से ग्राहक परेशान हैं, स्थानीय स्तर पर कंपनी के प्रतिनिधि उनकी शिकायतों को अनसुना कर रहे हैं। रेलवे में सभी ग्रुप के नंबर जियो कंपनी के ही हैं। पहले रेलवे का नेटवर्क बीएसएनएल का था। रेलवे ने समय के साथ सभी नंबरों को जियो में पोर्ट करा लिया। पहले ग्राहकों की संख्या कम होने से जियो नेटवर्क की स्पीड अधिक थी। ग्राहक बढ़ने के बाद से स्पीड भी कम हो गई। कई दिनों से रेलवे का नेटवर्क रुक-रुक काम कर रहा है।
मुरादाबाद और इज्जतनगर मंडल से अधिकारियों और कर्मचारियों के पास सीयूजी नंबर हैं। अधिकारी दिशा निर्देश भी फोन से देते हैं। शुक्रवार को मुरादाबाद और इज्जतनगर का रेलवे कंट्रोल रूम ध्वस्त हो गया। कॉल ड्राप होने से कंट्रोल रूम के कर्मचारी भी परेशान हो गए। यहां तक कि चलती ट्रेन में यात्रियों की परेशानी का मेसेज भी रेलवे कंट्रोल रूम तक नहीं पहुंच सका।