बरेली। विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस पर लोगों को सफाई और सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की शपथ दिलाई गई। इस मौके पर सहायक आयुक्त (एफएसडीए) ने कहा कि खाद्य पदार्थ और सामग्री उत्पादकों को प्रोसेसिंग में सफाई व सुरक्षा पर ध्यान देना होगा। साथ ही उपभोक्ताओं से आग्रह किया गया कि वे शुद्धता और सतर्कता पर ज्यादा ध्यान दें।
बरेली होटल एसोसिएशन ने विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस का आयोजन कराया। सिविल लाइंस स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में खानपान और खाद्य सामग्री उत्पादन विषयों पर चर्चा हुई। सहायक आयुक्त (एफएसडीए) संजय पांडे ने कहा कि कुछ मुनाफाखोर मिलावट और निर्धारित मानकों के अनुरूप कारोबार नहीं करते हैं, शायद उन्हें नहीं पता कि इस मिलावट युक्त सामग्री का उपभोक्ता उनके परिवार का भी व्यक्ति हो सकता है। मौजूद कारोबारियों को नए नियमों आदि की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में शुद्धता और सतर्कता विषय पर लोगों से शपथ भी दिलाई गई। एडीएम (प्रशासन) आरएस द्विवेदी ने प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता में विजयी बच्चे पुरस्कृत किए। जिला अभिहित अधिकारी डीआर मिश्रा आदि ने विभिन्न जानकारियां दीं। पवन अरोरा, राजेंद्र गुप्ता, रामबाबू शर्मा, सतीश अग्रवाल, धर्मेंद्र देवनानी, राहुल खंडेलवाल, मनोहर धीरवानी, प्रियांक खंडेलवाल, दुर्गेश कुमार आदि मौजूद रहे।