बरेली। बहेड़ी के गांव नरायन नगला में अवैध खनन पकड़ने के बाद पुलिस ने फ्रंट फुट पर आते हुए इसमें एक ‘माननीय’ के भतीजे का हाथ बताया था, लेकिन इंस्पेक्टर के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले भाजपा नेता इस बीच शांत हो गए हैं। ईद के बाद भी इंस्पेक्टर बहेड़ी में ही जमे हुए हैं, मगर भाजपा नेता अब इस पर भी खामोश हैं। इस बीच समाजवादी पार्टी जरूर विधायक छत्रपाल पर हमलावर हो गई है। सपा के पूर्व मंत्री अताउर्रहमान ने एक बार फिर प्रेस कान्फ्रेंस में विधायक छत्रपाल पर गंभीर आरोप लगाए। कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त शासन की बात करने वाली भाजपा हाईकमान टीम भेजकर अपने विधायक के कारनामों की जांच कराएं और दोषी मिलने पर उनके खिलाफ कार्रवाई करे।
अताउर्रहमान ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता खुद बहेड़ी आकर देखें कि उनके विधायक ने अपने भतीजे के साथ मिलकर किस कदर भ्रष्टाचार फैला रखा है। सपा शासन में वह उनकी पार्टी पर गोवंशीय पशु कटवाने का आरोप लगाते थे लेकिन जबसे वह विधायक बने हैं, तबसे बहेड़ी और आसपास के इलाके में पशुओं का कटान दो से तीन गुना तक बढ़ गया है। महीना देने के बाद बेखौफ होकर पशु काटे जा रहे हैं। बहेड़ी में मीट की दुकानों तक से विधायक और उनके समर्थक वसूली कर रहे हैं। छोटे से कस्बे में रोजाना लाखों का सट्टा लग रहा है। कोटेदारों से भी महीना लिया जा रहा है। पुलिस ने अवैध खनन में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट लिखी है। वह चाहते हैं कि पुलिस आरोपियों के नाम भी खोल दे ताकि स्पष्ट हो जाए कि अवैध खनन के पीछे किसका हाथ है। अताउर्रहमान ने कहा कि कबाड़ी बाहर से लाई गई कारें और दूसरे हल्के भारी वाहन काटकर बाहर सप्लाई कर रहे हैं। बहेड़ी में गैर कानूनी कारोबार की बाढ़ आ गई है। विधायक के समर्थकों ने नदी किनारे पांच से आठ गांव में बेतहाशा अवैध खनन कराकर पूरी नदी बर्बाद कर दी। ये गांव अब बाढ़ की आशंका से घिर गए हैं। विधायक की संपत्ति दो साल में किसी उद्योगपति की तुलना में भी कई गुनी ज्यादा बढ़ गई है। पूर्व सपा मंत्री के आरोपों पर भाजपा विधायक की प्रतिक्रिया लेने के लिए उन्हें कई बार उनके मोबाइल नंबर पर कॉल की गई लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की।