पीलीभीत। गुरुवार रात आई तेज आंधी और बारिश से बिजली सप्लाई पूरी तरह से धड़ाम हो गई। पूरी रात सप्लाई पटरी पर लौट नहीं पाई। कई जगहों पर बिजली के तार आपस में उलझने से फाल्ट हुए। वहीं मोहल्ला नखासा में ट्रांसफार्मर जलने के बाद खराब हो गया। कुछ इलाकों को छोड़ रात भर पूरे शहर की बिजली गुल रही। पावर कॉरपोरेशन की टीमें इसका सुधार करने में लगी रही। शनिवार सुबह सप्लाई सुचारु हो सकी। हालांकि पूरे दिन बिजली आंख मिचौली खेलती रही।
लोग अघोषित कटौती से पहले ही परेशान थे। गुरुवार को आंधी और पानी ने परेशानी बढ़ाई। हालांकि बारिश होने से गर्मी में कुछ राहत मिली, लेकिन तेज आंधी से पूरी रात बिजली नहीं आई। शाम छह बजे के आई आंधी और रात में हुई बारिश के बाद पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों को भी बिजली व्यवस्था चरमराए जाने की पूरी आशंका थी। जिसके चलते उन्होंने पहले ही सप्लाई बंद कर दी थी। इसके बाद जब सप्लाई शुरू की गई तो एक-एक कर गड़बड़ी सामने आने लगी। कांशीराम आवास फीडर, निरंजनकुंज, पुलिस लाइन, जिला अस्पताल समेत कई स्थानों पर बिजली के तार आपस में उलझ गए। जिनमें सप्लाई शुरू करते ही फाल्ट हो गया। इधर, मोहल्ला नखासा में लगा पावर कॉरपोरेशन का 100 केवीए का ट्रांसफार्मर भी जलने के बाद खराब पड़ गया। शहर में भी बिजली पूरी रात गुल रही। लोग आधी रात तक को बिजली आने का इंतजार करते रहे। इधर, पावर कॉरेपोरेशन के अधिकारियों ने सुधार के लिए टीमें बनाकर भेज दी। यह टीमें भी काम करती रही, लेकिन रात को कुछ स्थानों पर तो कमी दूर कर सप्लाई कर दी गई, लेकिन अन्य जगहों पर दिक्कत बरकरार रही। शनिवार सुबह करीब छह बजे सप्लाई को शुरू कर दिया। इसके बाद लोगों को राहत हुई। हालांकि दोपहर में भी कई बार बिजली आती-जाती रही।
आंधी-बारिश से कई स्थानों पर बिजली के तार आपस में उलझ गए थे। नखासा में ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई थी। जिसका सुधार करने के लिए ब्रेकडाउन लिया गया था। रात डेढ़ बजे तक कई इलाकों में सप्लाई शुरू कर दी गई थी। शनिवार सुबह सभी जगह की सप्लाई हो गई। इसके बाद कुछ छिटपुट फाल्ट होने पर बिजली कुछ समय के लिए बंद रही है। - रणवीर सिंह, एसडीओ टाउन