बरेली। वन विभाग ने बुधवार को विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर वन संरक्षक कार्यालय प्रांगण मेें पौध रोपड़ के होने वाले कार्यक्रम को बदल दिया है। अब रबड़ फैक्टरी के पास ग्राम समाज की खाली पड़ी भूमि में पौध रोपण करने के साथ पर्यावरण को लेकर बड़ी गोष्ठी भी होगी। इसके मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार होंगे। शाम को पर्यावरण मंत्रालय की ओर से इस आशय की आई गाइड लाइन के बाद कार्यक्रम स्थल बदला गया है।
बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण को रोकने के लिए जिले में 41,36,500 पौधे रोपे जाने हैं। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। बुधवार को वन विभाग ने विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर वन संरक्षक कार्यालय के निकट प्रांगण में 11: 00 बजे पौध रोपण व गोष्ठी के माध्यम से कार्यक्रम की शुरूआत की योजना बनाई थी। इसके हिसाब से वन विभाग ने अपनी तैयारी भी लगभग पूरी कर ली थी। डीएफओ भरतलाल ने बकायदा इस कार्यक्रम की तैयारी की जानकारी देते हुए मीडिया को भी इसकी सूचना दे दी थी, लेकिन शाम को पर्यावरण मंत्रालय से आई गाइड लाइन के बाद वन विभाग को अपनी प्लानिंग चेंज करनी पड़ी। डीएफओ भरतलाल ने बताया कि वन एवं पर्यावरण मंत्रालय से आई गाइड लाइन में स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि विश्व पर्यावरण दिवस पर वन विभाग से जो कार्यक्रम आयोजित किए जाए उसमें क्षेत्रीय सांसद अथवा मंत्री को ही मुख्य अतिथि बनाया जाए। उन्होंने बताया कि इसके बाद कार्यक्रम स्थल को बदल दिया गया है। अब रबर फैक्टरी के निकट स्थित ग्राम समाज की भूमि पर पौधरोपण अभियान की शुरूआत की जाएगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार होंगे। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री के अलावा वन विभाग के सभी अधिकारी व वहां मौजूद संभ्रांत नागरिक भी पौध रोपण करेंगे। वहां पर्यावरण प्रदूषण को रोकने में वृक्षों की उपयोगिता पर गोष्ठी भी आयोजित की जाएगी।
---