बच्चों ने गीत गाए तो झूम उठे डॉक्टर
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
बरेली। अक्सर मरीजों की तकलीफ दूर करने में व्यस्त रहने वाले डॉक्टरों को जब बच्चों के साथ मस्ती करने का मौका मिला तो वे भी झूम उठे। देर रात तक चले कार्यक्रमों में डॉक्टरों ने बच्चों के साथ अपने बचपन के दिन याद किए और बच्चों को पेरेंट्स शब्द के अर्थ से परिचित कराते हुए उन्हें जीवन जीने की कला सिखाई। मौका था, आईएमए बरेली की ओर से आयोजित अनुअल वैराइटी एंटरटेनमेंट प्रोग्राम ‘पीडिया जोश’ का।
आईएमए हॉल में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने क्लासिक ल डांस, फ्यूजन डांस, स्किट्स, कॉमेडी प्ले, रैंप वॉक और एंकरिंग के साथ ही गीत सुनाकर और वाद्ययंत्र बजाकर मौजूद सभी लोगों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। इस दौरान डॉ. लतिका ने बच्चों का मार्गदर्शन किया। आईएमए अध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र सिंह ने मुख्य अतिथि मेयर डॉ. उमेश गौतम और विशिष्ट अतिथि शहर विधायक डॉ. अरुण कुमार का स्वागत किया। अध्यक्ष ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा को निखारकर उसे एक मंच प्रदान करना था। ताकि वे अपनी खूबियों को पहचान सकें। मुख्य अतिथि ने डॉक्टरों के सहयोग के लिए हमेशा तत्पर रहने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान आईएमए सचिव डॉ. विनोद पागरानी, एडी हेल्थ डॉ. एसके अग्रवाल आदि मौजूद रहे।