बरेली। अतिक्रमण हटाओ अभियान चल नहीं पाया, सफाई के इंतजाम भी ठप हैं लेकिन नगर निगम का अमला अपने साहब तेजतर्रार इमेज बनाए रखने के लिए पूरी तरह सक्रिय है। यही वजह है कि साहब जब भी निरीक्षण के लिए कहीं निकलते हैं तो वहां कुछ न कुछ कार्रवाई हो ही जाती है। शनिवार को भी नगर आयुक्त डीडीपुरम पहुंचे तो पीछे-पीछे नगर निगम की टीम भी दौड़ पड़ी। चौराहे के आसपास अभियान चलाकर वहां खड़े ठेले-खोमचे वाले हटा दिए गए। हालांकि इस दौरान काफी हंगामा भी हुआ।
शनिवार को दौरे पर निकले नगर आयुक्त सैमुअल पॉल एन. डीडीपुरम पहुंचे तो वहां चौराहे पर एलआईसी बिल्डिंग के पास अतिक्रमण देखकर कार्रवाई के निर्देश दिए। यहां खाने-पीने की चीजों के तमाम ठेले-खोमचे लगते हैं। तीन-चार दिन पहले नगर आयुक्त ठेले वालों को वहां से हटने का निर्देश दे चुके थे लेकिन कोई नहीं हटा। इसके बाद नगर आयुक्त के निर्देश पर पहुंचे अतिक्रमण हटाओ अभियान प्रभारी ललतेश सक्सेना ने ठेले वालों को हटवाना शुरू किया तो विरोध होने लगा और जमकर हंगामा हुआ। मगर निगम टीम ने सख्ती करके सारे ठेले-खोमचे वालों को हटा दिया और आगे से वहां दुकान न लगाने की हिदायत दी। इसके अलावा क्षेत्र में कुछ अवैध होर्डिंग भी हटाए गए। इससे पहले नगर आयुक्त के निरीक्षण के बाद ही निगम टीम ने वनखंडीनाथ मंदिर के पास भंडारे के गिलास फैलाने पर बाबा का चालान किया था। कुछ दिन पूर्व संजयनगर में भ्रमण के दौरान मिठाई वाले की दुकान नगर आयुक्त के कहने पर ही सील की गई थी। ऐसा ही शहर में कई अन्य स्थानों पर भी हुआ लेकिन निगम अफसरों को यह कार्रवाई तभी याद आई जबकि नगर आयुक्त ने निर्देश दिया।