बरेली। लूट और छिनैती की बढ़ती वारदातों पर लगाम लगाने के लिए उप्र उद्योग व्यापार मंडल का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को एसएसपी से मिलने उनके दफ्तर पहुंचा। व्यापारियों को एसएसपी नहीं मिले तो वहां मौजूद एसपी देहात को ज्ञापन सौंपा। बताया कि व्यापारियों और जनता में असुरक्षा की भावना पैदा हो गई है। इसे दूर करने के लिए पुलिस को एक्टिव करें।
वरिष्ठ व्यापारी नेता राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि क्योलड़िया में व्यापारी पवन गुप्ता से हुई छह लाख की लूट में आज तक खुलासा नहीं हो सका है। जिलाध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल सराफ ने बताया कि जिले में पिछले दिनों ताबड़तोड़ लूट की वारदातें हुईं। इससे व्यापारी समाज खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। एसपी देहात संसार सिंह ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि कई घटनाओं में लुटेरों को चिह्नित कर लिया गया है, कुछ में गिरफ्तारी शेष है। व्यापारियों को डरने की जरूरत नहीं है। इस मौके पर नवाबगंज के अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता, राजेश जसोरिया, दर्शनलाल भाटिया, मनमोहन सबरवाल, अंबरीश अग्रवाल, त्रिलोकीनाथ गुप्ता व दिनेश खटवानी आदि व्यापारी शामिल थे।
बारादरी पुलिस के खिलाफ एसएसपी से मिले भाजपाई
बरेली। भाजपा महानगर इकाई के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष चंद्रपाल राठौर के साथ कई भाजपाई एसएसपी से मिले और उन्हें बारादरी इंस्पेक्टर, जगतपुर चौकी प्रभारी व कुछ सिपाहियों के खिलाफ शिकायतों का पुलिंदा सौंपा। आरोप लगाया कि ये लोग वसूली के आधार पर संडे बाजार लगवा रहे हैं। आरोप लगाया कि सपा नेता की टेंपो यूनियन, सेटेलाइट बस अड्डे के आगे से पलिया, बीसलपुर व अन्य शहरों को अवैध बस संचालन जैसे काम इनकी शह पर हो रहे हैं। इन पर एक खास जाति व आपस में रिश्तेदार होने का आरोप भी लगाया और कार्रवाई की मांग की। एसएसपी ने जांच का आश्वासन देकर भेज दिया। चंद्रपाल के साथ संजू पंडित, रूपेंद्र पटेल, ओमप्रकाश सिंह, सोनू ठाकुर और नितिश मौर्य आदि मौजूद थे।