बरेली। प्रजापित ब्रह्मकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ओर से बुधवार को शहर के विभिन्न इलाकों में युवाओं को कुरीतियों से दूर रहने और व्यवसन मुक्ति का संदेश देने के लिए शांति यात्रा निकाली गई। यात्रा राजयोग एजूकेशन एंड रिसर्च फाउंडेशन माउंट आबू के युवा प्रभाग ‘मेरा भारत स्वर्णित भारत’ अभियान के तहत बरेली पहुंची बस यात्रा में मौजूद लोगों के सहयोग से आयोजित हुई। आखिर में आईएमए सभागार में आध्यात्मिक संध्या का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि बरेली जोन के एडीजी अविनाश चंद्र ने आध्यात्मिक मूल्यों के विकास से ही सकारात्मक बदलाव की बात कही।
उन्होनें कहा कि वर्तमान में भ्रष्टाचार, हिंसा, भय और नकारात्मक विचार से सामाजिक संरचना नष्ट हो रही है। जिसको संवारने में ब्रह्मकुमारी अहम भूमिका निभा रही हैं। अभियान के प्रभारी बीके पूजा ने युवाओं में नैतिक मूल्यों, मर्यादा और तनाव मुक्त जीवन के लिए जागरूकता अभियान की जानकारी दी। राजयोग केंद्रों के निदेशक बीके पार्वती ने राजयोग मेडिटेशन कराया। उन्होंने प्रत्येक दिन ध्यान साधना से लोगों का जुड़े रहने का सुझाव दिया। कमिश्नर रणवीर प्रसाद ने बच्चों को नैतिक शिक्षा की जरूरत बतायी। यहां आईएमए के अध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र सिंह, सचिव डॉ. विनोद पागरानी, डॉ. प्रमेद्र माहेश्वरी, डीआईजी राजेश कुमार पांडे, बरेली पीएसी के कमांडिंग ऑफिसर विकास वैद्य ने भी अपने विचार रखे।