बरेली। बैंकों ने जिले में पिछले वित्तीय साल में गरीब तबके को 2869 करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध कराया, जो आरबीआई के मानक स्तर पर दस प्रतिशत के सापेक्ष 25.64 प्रतिशत है। जबकि अल्पसंख्यक समुदाय को 31 मार्च तक 2831.6 करोड़ रुपये का ऋण दिया गया।
सीडीओ सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला सलाहकार समिति की बैठक विकास भवन सभागार में हुई। इसमें लीड बैंक मैनेजर ओपी बढेरा ने बताया कि वर्ष 2018-19 में बैंकों ने 3282 व्यक्तियों को 213.64 करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध कराया है। 31 मार्च तक 14995 व्यक्तियों पर 914.67 करोड़ का ऋण बकाया है। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि वार्षिक ऋण योजना 2019-20 के पात्र किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड से लाभान्वित कराने की दिशा में जल्द कदम उठाए जाएं। इस मौके पर बीओबी के क्षेत्रीय प्रमुख अतुल बंसल, आरबीआई के सहायक प्रबंधक आरके सिंह, एएलडीएम कुशल गर्ग सहित कई बैंक अधिकारी मौजूद रहे। ब्यूरो