बरेली। कृषि विज्ञान केंद्र ने वर्ल्ड विजन इंडिया के सहयोग से विकासखंड भुता के ग्राम भगवानपुर में एक दिवसीय स्वच्छता शिविर का आयोजन किया। गांव के सांस्कृतिक समुदाय केंद्र के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं, किशोरियों और युवतियों को उनकी व्यक्तिगत शारीरिक स्वच्छता एवं स्वास्थ्य की ओर ध्यान आकर्षित करना था।
मानव चिकित्सालय, भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान, इज्जतनगर की मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. भारती सिंह ने महिलाओं को गंदगी से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में बताया। साथ ही मासिक धर्म के दौरान किस प्रकार शारीरिक स्वच्छता बनाकर रखें इसकी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मासिक धर्म के समय सेनेटरी पैड के प्रयोग पर जोर दिया। विषय वस्तु विशेषज्ञ डॉ. रंजना गुप्ता ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया और स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला। वाणी यादव ने मानसिक स्वच्छता के बारे में बताया। कार्यक्रम को सफल बनाने में वर्ल्ड विजन इंडिया के श्री निकसन और उनकी टीम ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। ब्यूरो