बरेली। रेलवे ने बिना सूचना दिए सोमवार को बरेली वाराणसी एक्सप्रेस को बरेली-शाहजहांपुर के बीच रद्द कर दिया। ट्रेन शाहजहांपुर से ही वाराणसी लौट गई। छोटे-छोटे स्टेशनों पर जाने वाले यात्री परेशान रहे। अप लाइन की ट्रेनें भी घंटो देरी से जंक्शन पहुंची।
रविवार को अप लाइन पर रोजा से लक्सर तक ब्लॉक होने के कारण रेलवे ने वाराणसी बरेली एक्सप्रेस का संचालन हरदोई तक किया था। ट्रेन हरदोई से ही वाराणसी लौट गई लेकिन सोमवार को रेलवे ने बिना सूचना दिए ट्रेन को बरेली-शाहजहांपुर के बीच रद्द कर दिया। शाम चार बजे यात्री जंक्शन पहुंचे तो उन्हें ट्रेन न आने का पता चला। यात्रियों का कहना था कि रेलवे ने ट्रेन रद्द होने का मेसेज भी नहीं दिया। दूसरी ओर अप लाइन की ट्रेनें भी घंटो देरी से जंक्शन पहुंची। अजमेर से दिल्ली गरीब नवाज एक्सप्रेस सात, गुवाहाटी से लालगढ़ अवध अवध एक्सप्रेस साढ़े छह घंटे, हावड़ा हरिद्वार कुंभ एक्सप्रेस पांच, सिंगरौली-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस चार घंटे और सहरसा से अमृतसर जननायक एक्सप्रेस दो घंटे देरी से जंक्शन पहुंची।
उधर फतेहगंज पूर्वी के बरेली शाहजहांपुर सेक्शन स्थित टिसुआ रेलवे पर नान इंटरलॉकिंग का काम दूसरे दिन भी चला। सोमवार को शाम चार से साढ़े छह बजे तक ढाई घंटे का ब्लॉक लिया गया। जिससे जम्मूतवी एक्सप्रेस, राजरानी सुपर फास्ट एक्सप्रेस, किसान एक्सप्रेस, डुप्लीकेट पंजाब मेल आदि कई ट्रेनों को तिलहर, मीरानपुर कटरा, बंथरा, शाहजहांपुर, रोजा आदि स्टेशनों पर रोका गया।