बरेली। आर्य समाज अनाथालय की युवती ने शिकायत की थी कि उसकी शादी एक अधेड़ आदमी से करने की कोशिश की जा रही है। मामला डीएम के पास पहुंचने के बाद उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट को जांच के आदेश दिए थे। शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट अनाथालय पहुंचे और उन्होंने युवती के बयान दर्ज करने के साथ ही अनाथालय के स्टाफ से भी पूछताछ की।
माता-पिता की हत्या के बाद तीन साल की उम्र से अनाथालय में रह रही 22 साल की युवती ने आरोप लगाया था कि अनाथालय प्रबंधन उसकी जबरदस्ती शादी एक अधेड़ व्यक्ति से कराने की कोशिश कर रहा है। अखबार में इसका विज्ञापन भी छपवा दिया गया है। इसके बाद जिला प्रोबेशन अधिकारी नीता अहिरवार ने अनाथालय पहुंचकर युवती से बातचीत की थी। लड़की ने बताया था कि अभी वह पढ़ाई करना चाहती है। प्रोबेशन अधिकारी ने अनाथालय स्टाफ को निर्देशित किया था कि जो लड़की बालिग हो गई हैं, उन्हें नारी निकेतन में शिफ्ट कर दिया। शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट अनाथालय पहुंचे और उन्होंने शिकायतकर्ता युवती के बयान दर्ज किए। उन्होंने युवती को यह आश्वस्त किया कि उसकी शादी करने का जबरदस्ती दबाव नहीं बनाया जा सकता।