बरेली। वायुसेना पत्नी कल्याण संघ (अफव्वा) की ओर से 19 से 25 मई तक आयोजित सात दिवसीय समर ट्रैकिंग कैंप का शनिवार को समापन हो गया। कैंप में 12 से 16 वर्ष तक के करीब 50 बच्चों ने प्रतिभाग किया। कैंप के दौरान बच्चों ने नैनीताल स्थित भवाली वायुसेना स्टेशन का भ्रमण किया।
इसके पहले वायुसेना स्टेशन बरेली में शिविरार्थियों के लिए इंटरेक्टिव सत्र और एक मूवी शो का आयोजन किया गया। स्टेशन पर कुछ देर रुकने के बाद एयर फोर्स स्टेशन बरेली के एयर ऑफिसर कमांडिंग ने युवा शिविरार्थियों को झंडी दिखा कर रवाना किया। ट्रैकिंग शिविर के दौरान प्रतिभागियों को ‘मदर नेचर’ के साथ जोड़ने का अनूठा प्रयास किया गया। इसके अलावा बच्चों को स्वैच्छिक भागीदारी, आपसी समझ और टीम भावना के बारे में जानकारी दी गई ताकि भविष्य में विपरीत परिस्थितियों के दौरान वे अडिग बने रहे। इस ट्रैकिंग शिविर के दौरान प्रतिभागियों ने कुमाऊं हिल्स की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लिया। घास के मैदानों, खूबसूरत झीलों, हरे/भरे वातावरण और नालों के बीच हाईलैंडर्स के जीवन से रूबरू हुए।