बरेली। जोगीनवादा में खाले वाली गली के लोगों ने शुक्रवार को मेयर उमेश गौतम से मुलाकात की। बताया 24 फरवरी को नगर आयुक्त जलभराव से निजात दिलाने को आश्वासन देकर आए थे लेकिन कुछ नहीं हुआ। अब आप ही हमारी समस्या का समाधान कराओ।
नगर निगम में मेयर से मिलने पहुंचे लोगों ने बताया कि जोगीनवादा की खाले वाली गली में 15 साल से जलभराव की दिक्कत है। रास्ता न होने के चलते वे लोग परेशान हैं। आसपास के करीब सौ घर के लोगों का बरसात में जीना मुहाल हो जाता है। 24 फरवरी को निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने समस्या दूर कराने का आश्वासन दिया था। मगर अब तक कुछ नहीं हुआ है। अब आप ही हम लोगों की समस्या दूर कराओ। मेयर ने जल्द ही क्षेत्र का निरीक्षण कराकर गली और नाली दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया है।