बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में ग्रेजुएशन में ऑनलाइन पंजीकरण के लिए एक और मौका दिया गया है। सीटों के सापेक्ष काफी कम आवेदन आने के चलते यह फैसला लिया गया है। अब अभ्यर्थी 30 मई तक आवेदन कर सकेंगे।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में बीए, बीएससी और बीकॉम में प्रवेश के लिए आठ अप्रैल से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू किए थे। इसकी अंतिम तिथि 24 मई थी। मगर सिर्फ एक लाख छात्र-छात्राओं ने ही पंजीकरण किया जबकि इन कोर्साें में विश्वविद्यालय से संबद्ध 500 से अधिक कॉलेजों में 1,15,472 सीटें हैं। पंजीकरण की संख्या बढ़ाने के लिए पिछले दिनों विश्वविद्यालय प्रशासन ने डिग्री कॉलेजों के प्राचार्यों को भी पत्र लिखकर आवेदन बढ़वाने को कहा लेकिन कोई परिणाम नहीं निकला। ऐसे में विश्वविद्यालय ने शुक्रवार को पंजीकरण तिथि को बढ़ाकर 30 मई कर दिया है। 31 मई तक पंजीकरण की फीस जमा होगी और फिर एक जून को पंजीकरण का प्रिंट आउट संबंधित डिग्री कॉलेज में जमा किया जाएगा। डिग्री कॉलेज चार जून तक पंजीकरण को ऑनलाइन दर्ज करके नौ जून तक मेरिट जारी करेंगे। एडमिशन की प्रक्रिया 30 जून तक पूरी की जाएगी।