बरेली। लोकसभा चुनाव में बरेली सीट से गठबंधन प्रत्याशी रहे भगवत सरन गंगवार ने ईवीएम की विश्वसनीयता पर सवाल उठाया है। बोले- मेरे गणित के हिसाब से मुझे पांच लाख के आसपास वोट मिलने चाहिए थे, मगर ईवीएम में खेल हो गया।
अमर उजाला से बातचीत में भगवत सरन ने कहा, मेरे पास सबूत तो नहीं है, लेकिन इतना तय है कि ईवीएम में खेल हुआ है। यह खेल किसी दूसरे देश में बैठकर किया गया है। तमाम ऑडियो-वीडियो वायरल हो रहे हैं। इसको लेकर पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी भी चिंता जता चुके हैं। बोले- अगर यही स्थिति रही तो देश में विरोध शुरू होगा और अर्द्धक्रांति जैसे हालात बनेंगे, जिसमें भाजपा साफ हो जाएगी। बोले- समन ताहिर को लगभग 2500 वोट दिखाए गए हैं, जबकि मेरा दावा है कि उन्हें 15-20 हजार वोट मिले होंगे। मैंने तो पांच लाख वोट मिलने का गणित लगा रखा था। करीब ढाई लाख मुस्लिम, 50-60 हजार यादव, 75-80 हजार जाट और एक लाख से अधिक अन्य सभी बिरादरी। मगर ईवीएम में गड़बड़ी कर दी गई। मेरे ही साथ नहीं छोटे-छोटे तमाम प्रत्याशियों के वोट भी गड़बड़ी करके भाजपा को वोट में तब्दील कर दिए गए। बताया मीरगंज के संजरपुर में मेरा बेटा खुद पूरी मेहनत से जुटा था। 250 वोट से कम मिलने की कोई उम्मीद ही नहीं थी, लेकिन वहां सिर्फ तीन वोट निकले। कुछ अन्य बूथ पर भी ऐसा हुआ, जबकि मेरी स्थिति इतनी खराब तो कहीं नहीं थी।