शाहजहांपुर। लोकसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के साथ ही स्थानीय संसदीय सीट से मुकाबले मेें शामिल कांग्रेस उम्मीदवार ब्रह्म स्वरूप सागर समेत 12 प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जो प्रत्याशी कुल पड़े मतों का छठा हिस्सा हासिल नहीं कर सके, उनकी जमानत जब्त करने का प्रावधान है। इस कसौटी पर केवल भाजपा उम्मीदवार अरुण कुमार सागर और सपा-बसपा गठबंधन प्रत्याशी अमर चंद्र जौहर ही खरे उतर सके। ब्यूरो
दस प्रत्याशियों को नोटा से भी कम मिले वोट
चुनाव लड़ने वाले दस प्रत्याशी नोटा तक से हार गए। अर्थात जितनी संख्या मेें मतदाताओं ने प्रत्याशियों को खारिज करने के लिए नोटा बटन दबाया, उससे कहीं कम वोटों पर इन उम्मीदवारों को संतोष करना पड़ा।
उदाहरणार्थ, कुल 8950 मतदाताओं ने नोटा बटन दबाया जबकि निर्दलीय किशन लाल, कुंवर पाल सिंह, धर्मवीर, नरवीर, मनोहर लाल सरोज, रमेश चंद्र वर्मा, सोहन लाल, अरुण कुमार, विनीत कुमार और श्यामा चरन को इससे कम वोट मिले। हालांकि, मुकाबले में लगातार चौथे नंबर पर बने रहे भाकपा के मनीष चंद्र कोरी 9431 वोट पाकर नोटा से आगे रहे, लेकिन जमानत जब्त होने से नहीं बच सके। खास यह रहा कि सभी चक्रों की मतगणना में नोटा वोटों ने उपस्थिति दर्ज कराई, लेकिन वर्ष 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में पड़े लगभग 20000 नोटा वोट की तुलना में इस बार ऐसे वोटों की संख्या कम रही।