बरेली। जिला अस्पताल के शवगृह में शव रखने के लिए मौजूद तीन एसी बाक्स में से दो खराब हो गए हैं। इसके चलते गर्मी के इन दिनों में शवों को वहां फर्श पर रखा जा रहा है। एक शव को फर्श पर रखे जाने के विरोध में समाज सेवा मंच के अध्यक्ष नदीम शम्शी ने मृतकाें के परिवार वालों के साथ प्रदर्शन करते हुए अस्पताल प्रशासन से खराब एसी बॉक्स दुरुस्त कराने की मांग की।
जिला अस्पताल के शवगृह में शव रखे जाने के लिए तीन एसी बॉक्स हैं, लेकिन इनमें से दो खराब पड़े हैं। इसके चलते शवगृह में शव फर्श पर रख दिए जा रहे हैं। बुधवार को शवगृह में दीपा व फरजाना का शव गर्मी में फर्श पर रखा था। शव से दुर्गंध भी आ रही थी। यह देख फरजाना के परिवार के वासिफ ने समाज सेवा मंच के अध्यक्ष को जिला अस्पताल बुलवाया। इसके बाद मृतकों के घरवालों के साथ अस्पताल प्रशासन के खिलाफ शवगृह के बाहर प्रदर्शन किया। इस संबंध में सीएमएस डॉ. केएम गुप्ता ने बताया कि शवगृह में लगे एसी बॉक्स काफी पुराने हैं। एक दो बार पहले भी खराब हो चुके हैं। जिन्हें मरम्मत भी कराया जा चुका है। इधर कुछ दिनों से वह फिर खराब हो गए हैं। शासन से नए की डिमांड भेजे जाने के साथ खराब एसी बॉक्स की मरम्मत के लिए फिर से लिखा गया है।