फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लोकसभा चुनाव के 14 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज

विज्ञापन
विज्ञापन
शाहजहांपुर। सत्रहवीं लोकसभा के लिए गत 29 अप्रैल को हुए मतदान के बाद 14 उम्मीदवारों की तकदीर का पिटारा गुरुवार को सुबह से खुलने लगेगा। मतगणना के लिए बुधवार को दिन भी तैयारियों का दौर चला। डीएम अमृत त्रिपाठी, एसपी डॉ. एस चन्नप्पा, नगर आयुक्त विद्याशंकर सिंह ने तैयारियों का जायजा लिया। गौर करने वाली बात यह है कि इस बार चुनाव परिणाम देर रात तक आ सकेंगे। सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। पहले पोस्टल बैलट की गिनती की जाएगा। इसके बाद मतदाता सत्यापित पेपर ऑडिट पर्चियों (वीपीपैट) का मिलान किए जाएगा। ऐसे में चुनाव परिणाम की तस्वीर साफ होने में काफी देर होने की संभावना है। इससे भी इंकार नहीं किया जा सकता कि परिणाम की तस्वीर पूरी तरह साफ होने में रात के 12 बज सकते हैं।
विज्ञापन

प्रत्येक विधानसभा में पांच बूथों पर वीवीपैट पर्चियों का मिलान किया जाएगा। शाहजहांपुर लोकसभा सीट के तहत छह विधानसभा आती हैं। ऐसे में 30 बूथों पर वीवीपैट पर्चियों का मिलान किया जाएगा। इससे पहले पोस्टल बैलट की गिनती की जाएगी। एक अनुमान के मुताबिक वीवीपैट पर्चियों के मिलान में चार से पांच घंटे तक का समय लग सकता है। इससे पहले पोस्टल बैलट की गिनती में दो से तीन घंटे का समय लगने की उम्मीद है। सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होने के बाद कम से कम सात घंटे का समय पोस्टल बैलट वीपीपैट पर्चियों के मिलान में निकल जाएगा। ऐसे में शाम पांच बजे के बाद ईवीएम के मतों की गिनती शुरू होगी। इसमें भी पांच से छह घंटे का समय लगेगा। ऐसे में चुनाव परिणाम आने में देर होना निश्चित है। अधिकारी भी इस बात को स्वीकार कर रहे हैं कि चुनाव परिणाम आने में इस बार देरी होगी।

प्रत्येक राउंड के बाद विधानसभा वार परिणाम
शाहजहांपुर संसदीय क्षेत्र में छह विधानसभा हैं। इनमें सबसे ज्यादा 32 राउंड ददरौल और सबसे कम 27 राउंड सदर विधानसभा में मतगणना होगी। मतगणना परिणाम प्रत्येक राउंड के बाद विधानसभा वार घोषित किए जाएंगे। विधानसभा वार परिणाम आने के बाद लोकसभा में सभी प्रत्याशियों को मिले कुल वोटों का परिणाम दिया जाएगा। हर राउंड के बाद प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। उनकी सहमति के बाद अगले राउंड की मतगणना शुरू की जाएगी।
विज्ञापन


बैरिकेडिंग, चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के बंदोबस्त
मतगणना से पहले बुधवार को मंडी में मतगणना स्थल पर बैरिकेडिंग का काम पूरा कर लिया गया। मतगणन स्थल के बाहर प्रत्याशी सुविधा केंद्र और मीडिया सेंटर बनाया गया है। मतगणना स्थल पर प्रत्याशी और उनके एजेंट के प्रवेश के लिए अलग-अलग गेट बनाए गए हैं। बाहरी सुरक्षा बंदोबस्त पुलिस संभालेगी। मतगणना स्थल पर अंदर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की कंपनी तैनात रहेगी। अनाधिकृत लोगों को आसपास भटकने भी नहीं दिया जाएगा। इसके लिए पुलिस-प्रशासन ने रूट डायवर्जन प्लान भी लागू कर दिया है। बृहस्पतिवार सुबह से रूट डायवर्जन लागू होगा जो मतगणना समाप्ति तक जारी रहेगा।

सभी तैयारियां, सुरक्षा के बंदोबस्त पूरे हैं। प्रत्याशियों के एजेंट को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। ईवीएम के मतों की गिनती से पहले पोस्टल बैलट की गिनती और वीपीपैट पर्चियों का मिलान किया जाएगा। मतगणना पूरी होने में कुछ देरी हो सकती है।
विज्ञापन

- अमृत त्रिपाठी, जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें