बरेली। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के प्रमुख प्रदेश महासचिव और पूर्व सांसद वीरपाल सिंह यादव ने बसपा प्रमुख मायावती और सपा मुखिया अखिलेश यादव पर विवादित बयान दे डाला। उन्होंने कहा कि मायावती ने हमेशा दलितों को बेचा है। जिस क्षेत्र में जितने ज्यादा दलित, उस क्षेत्र का टिकट उतना ही महंगा। माया ने अपने मुंह बोले भाई लाल जी टंडन और अखिलेश ने अपने पिता मुलायम सिंह यादव को ठगा है। अब दोनों मिलकर जनता को ठगना चाहते हैं। जनता इनके मंसूबे कभी पूरे नहीं होने देगी।
छह फरवरी को पीएसपी के होने वाले धरना-प्रदर्शन की बैठक में उन्होंने कहा कि मायावती गोधराकांड के आरोपी के साथ गुजरात में मंच साझा कर चुकी हैं। उन्होंने भाजपा नेता लाल जी टंडन को भाई बनाकर राखी भी बांधी थी। अगर भाजपा की सरकार बनाने के लिए 10 या 15 सीटें कम पड़ीं तो क्या गारंटी है कि वह मोलभाव कर मोदी को समर्थन नहीं देंगी। अखिलेश यादव ने समाजवादियों का सम्मान मायावती के हाथों बेच दिया है। राजनीति भी सम्मान के लिए की जाती है। सम्मान से बढ़कर कुछ नहीं होता।