बरेली। अगर सब कुछ ठीक रहा तो अगले माह बरेली से हवाई सेवाएं शुरू हो जाएंगी। बुधवार दोपहर त्रिशूल परिसर में प्रस्तावित टैक्सी वे निर्माण का शिलान्यास हो गया। इस मौके पर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण अफसरों ने वादा किया है कि 15 फरवरी तक एयर टैक्सी वे निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। इसके बाद सिविल एन्क्वेल से लखनऊ और दिल्ली नियमित उड़ान होने लगेंगी।
रक्षा मंत्रालय से एनओसी मिलने के बाद नाथ नगरी सिविल एयर एन्क्लेव निर्माण कार्यों में तेजी आ गई है। बुधवार सुबह वायुसेना, रक्षा संपदा, एयर ट्रैफिक कंट्रोल, सैन्य सुरक्षा आदि अफसरों के साथ हुई संयुक्त बैठक में सभी बिंदुओं पर चर्चा हुई। करीब पांच घंटे तक चली लंबी बैठक में टैक्सी लिंक (ट्रैक) निर्माण के परिसर सुरक्षा, मशीनों आवागमन, लेबर और अन्य लोगों के प्रवेश पत्र आदि व्यवस्था पर अफसरों ने सवाल किए। बैठक उपरांत केंद्रीय श्रम व रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संतोष गंगवार आमंत्रित किए गए और त्रिशूल परिसर में बनने वाली एयर टैक्सी ट्रैक निर्माण स्थल पर पूजा-पाठ कर शिलान्यास किया गया। इस मौके पर गंगवार ने कहा कि सरकार चाहती है कि फरवरी में बरेली से हवाई सेवाएं शुरू हों।
रक्षा मंत्रालय ने इसके तहत ओएनसी भी जारी कर दी है। संयुक्त महाप्रबंधक भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) राजीव कुलश्रेष्ठ ने बताया कि वे 15 फरवरी तक टैक्सी ट्रैक निर्माण कार्य पूरा करा दें और 28 फरवरी तक उड़ानें शुरू हो जाएंगी। उन्होंने बताया कि सिविल एन्क्लेव परिसर में ज्यादातर कार्य पूरा हो गया है। दो सौ मीटर टैक्सी ट्रैक बनाने के बाद 56 मीटर लंबी एयरफोर्स की दीवार तोड़ी जाएगी। यहां पर सुरक्षा गेट बनेगा और केंद्रीय औद्योगिक बल तैनात रहेगा। गेट पूरी तरह स्वचालित होगा। इस मौके पर एयर कमोडोर एमबी राना डे, रक्षा संपदा अधिकारी प्रमोद कुमार, सुरक्षा अधिकारी आदि मौजूद रहे।
शिलान्यास उपरांत केंद्रीय मंत्री गंगवार ने सिविल एन्क्लेव निर्माण कार्य का जायजा लिया। एएआई संयुक्त महाप्रबंधक राजीव कुलश्रेष्ठ ने बताया कि 75 सीटों की क्षमता वाला यात्री प्रतिक्षालय तैयार हो गया है। ज्यादातर सिविल कार्य पूरा हो चुका है। बिजली, दूरसंचार, पार्किंग आदि मामले जल्द हल हो जाएंगे।