अब डाकिया सिर्फ डाक ही नहीं बैंकिंग सेवाएं भी आपको घर पर ही उपलब्ध कराएगा। डाक विभाग ने बरेली समेत देश के साढ़े छह सौ जिलों में इस योजना की शुरूआत कर दी है। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने बताया कि अब बैंकिंग करना आसान हो जाएगा। गांवों के गरीब और किसान घर बैठे लोन भी ले सकेंगे।
डाक विभाग ने शनिवार शाम संजय कम्युनिटी हाल में इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक (आईपीपीबी) योजना लांच की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने कहा कि डिजिटल लेनदेन में यह योजना कारगर सिद्ध होगी। जिन दूरदराज इलाकों में अभी बैंकिंग की सुविधा नहीं है वहां लोग घर बैठे जीरो बैलेंस पर अपना खाता खोल सकेंगे। गंगवार ने बताया कि देश के 1.55 लाख स्थानों तक यह सुविधा पहुंचाया जाना है। खाता संचालन के लिए अब लोग डाकघर नहीं जाएंगे, बल्कि डाक सेवक उनके द्वार पर ही बैंकिंग सुविधा और लोन की प्रक्रिया पूरी करेंगे।
विशिष्ट अतिथि विधायक डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि अभी तक डाकिया की पहचान डाक पहुंचाने तक सीमित थी, लेकिन अब वह बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लोगों तक पहुुंचेंगे। बरेली जिले में मुख्य डाकघर, सीबीगंज ब्रांच समेत पांच स्थानों पर योजना शनिवार से शुरू हो गई है। कार्यक्रम के दौरान मंच पर एक व्यक्ति ने स्कीम आदि का प्रचार-प्रसार नहीं होने पर हंगामा किया। इससे कुछ देर व्यवधान रहा। कार्यक्रम के बीच में ही नाश्ता वितरण और हाल में गर्मी ज्यादा होने से भी अव्यवस्था बनी रही। दिल्ली में हुए मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी डाक विभाग ने बड़ी स्क्रीन पर दिखाया।