एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय में मंगलवार को मुख्य गेट पर वाहन रोकने से हंगामा हो गया है। शिक्षकों ने भी अपने वाहन सड़क पर खड़े कर दिए और मूल्यांकन का बहिष्कार कर दिया। इससे पीलीभीत रोड पर जाम लग गया। मामला विश्वविद्यालय प्रशासन तक पहुंचा तो शिक्षकों और कर्मचारियों के वाहनों को अंदर आने दिया गया।
दरअसल, विश्वविद्यालय प्रशासन ने मंगलवार को कैंपस के अंदर वाहन लाने पर रोक लगा दी। सुबह छात्र, शिक्षक और कर्मचारी सभी के वाहन बैरियर पर रोक दिए गए। इनमें कई वे शिक्षक भी थे जो मूल्यांकन करने आए थे। उनका कहना था कि डिपार्टमेंट काफी दूर हैं। मुख्य गेट से वहां तक पैदल कैसे जाएंगे। नोकझोंक होने के बाद भी जब उनको एंट्री नहीं मिली तो सभी ने अपने वाहन सड़क पर खड़े कर दिए। इससे जाम लग गया। शिक्षकों ने मूल्यांकन करने से भी मना कर दिया। करीब आधा घंटे तक जाम लगा रहा। बाद में मामला विश्वविद्यालय प्रशासन तक पहुंचा, तो कर्मचारियों और शिक्षकों के वाहन अंदर आने दिए गए। बाकी वाहन गेट पर ही रोक दिए गए। इससे बाहर से आए छात्रों को खासी दिक्कत का सामना करना पड़ा।