फालोअप
फ्लैग- 25 लाख का गबन
अफसरों पर रिकार्ड ही नहीं तो कैसे हो जांच
पचदौरा कलां में विकास कार्य के नाम पर हुआ फर्जीवाड़ा
रिकार्ड में बन गई सीसी रोड मौके पर मिली गायब
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। भोजीपुरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत पचदौरा कलां में 25 लाख के घोटाला मामले में पंचायतराज विभाग के पास अभी पूरा रिकार्ड ही नहीं है। इस प्रकरण में आरोपी पूर्व पंचायत सेक्रेटरी अब भी तमाम सरकारी अभिलेख दबाए है। इससे मामले से जुड़ी कई जांचें पूरी नहीं हो पा रही हैं। रिकार्ड वापस लेने के लिए सीडीओ ने पूर्व पंचायत सेक्रेटरी पर रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश डीपीआरओ को दिए हैं।
पचदौरा कलां में विकास कार्यों में घपले के कई मामले पकड़े गए थे। इसमें वर्ष 2016-17 में प्रकाश व्यवस्था, सीसी रोड और नाला निर्माण के नाम पर 13.37 लाख से ज्यादा रकम का घपला पकड़ा गया। ग्राम पंचायत में जिस सीसी रोड का निर्माण दर्शाया गया था, मौके पर वह मिली ही नहीं। ग्राम पंचायत में वर्ष 2016-17 में 20 स्ट्रीट लाइटें लगवाना दिखाया गया लेकिन स्ट्रीट लाइट से संबंधित बिल बाउचर सहित कई अन्य रिकार्ड नहीं मिले। वर्ष 2017-18 में ग्राम निधि के खाते से निकाली गई धनराशि का भी उपभोग होना नहीं पाया गया। जांच में करीब 25 लाख के गबन की पुष्टि हुई है। इस प्रकरण की कुछ जांच होनी बाकी है, लेकिन इस मामले के दौरान यहां तैनात रहे पूर्व पंचायत सेक्रेटरी तमाम रिकार्ड दबाए बैठा है। हालांकि डीपीआरओ विनय सिंह का कहना है कि इस मामले में उन्हें जो कार्रवाई करनी थी, वह कर चुके हैं।
वर्जन
यह सही है कि इस मामले के आरोपी पूर्व सेक्रेटरी ने अब तक तमाम सरकारी रिकार्ड नहीं दिए है। इसलिए डीपीआरओ को उस पर रिपोर्ट दर्ज कराने का निर्देश दे दिया गया है। - सत्येंद्र कुमार, सीडीओ