गुलड़िया। सिरौली थाना क्षेत्र में पुलिस और दलालों के बीच वसूली का एक और मामला सामने आया है। इसमें एक व्यक्ति से पुलिस द्वारा कार्रवाई न कराने के मामले में 15 हजार वसूल लिए। इसकी शिकायत मंत्री से हुई तो उन्होंने पुलिस को पैसा वापस कराने के लिए आदेश दिया है। इसको लेकर पुलिस और बिचौलियों में हलचल है।
थाना क्षेत्र के ग्राम गुरुवा निवासी कैलाश का सिरौली कस्बे के एक व्यक्ति से व्हाट्सएप ग्रुप पर कुछ कहासुनी हो गई। कैलाश का आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने एक झूठा प्रार्थना पत्र पुलिस को दे दिया। इस पर पुलिसकर्मी उसके घर गए और उसे गालियां देकर धमकाने लगे। कैलाश का आरोप है कि इसके बाद तीन पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई न कराने के बदले 15 हजार वसूल लिए।
बाद में कैलाश को पता चला कि पुलिस में कोई शिकायत ही नहीं हुई है, तो कैलाश सीधे कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह से मिलकर शिकायत की। इसपर मंत्री ने पुलिसकर्मियों को रुपये वापस करने के आदेश दिए। इसके बाद दोनों पक्षों को बुलाया गया, जहां थाने में कहासुनी हुई। इस मामले में दोबारा शिकायत मिलने पर मंत्री ने रुपये वापस करने के साथ-साथ रिपोर्ट भी दर्ज कराने के लिए आदेश दिया है। उन्होंने पूरे प्रकरण से कप्तान को भी अवगत कराने को कहा है।
सोमवार को दोनों पक्षों को फिर बुलाया गया है। यदि तब रुपये वापस नहीं हुए तो मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
- विनोद कुमार सिंह, थाना प्रभारी सिरौली