बरेली। हनीट्रैप गिरोह की महिला ने एक बिजली ठेकेदार को प्रेमजाल में फंसाकर 15 लाख रुपये वसूल लिए। ठेकेदार ने रुपये देने बंद किए तो मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 12 लाख रुपये और मांगे। प्रेमनगर पुलिस ने गिरोह के चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर युवती को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया।
प्रेमनगर निवासी मनीष गंगवार ने सीओ प्रथम आशुतोष शिवम को बताया कि इज्जतनगर के वीर सावरकर नगर में उनके मामा अशोक कुमार का मकान खाली पड़ा है। उसे किराये पर उठाने का जिम्मा मनीष का ही है। एक साल पहले पूजा शर्मा नाम की युवती ने उनसे मकान किराये पर लेने के लिए संपर्क किया। बताया कि पति से उसका तलाक होने वाला है। उसकी दो बेटियां हैं। उन्हें पालने के लिए छोटी-मोटी नौकरी करती है। मनीष ने मामा का घर उसे किराये पर दे दिया।
इस दौरान पूजा अक्सर मजबूरी जताकर उनसे आर्थिक मदद मांगने लगी। भावनात्मक रूप से उन्हें फंसाने के साथ ही पूजा ने उनके साथ कई बार शारीरिक संबंध भी बनाए। साथ ही, रुपयों की मांग भी बढ़ाती रही। इस बार उसने 12 लाख रुपये मांगे।
मनीष मांग पूरी नहीं कर सके तो पूजा ने उनको परिचित लोगों से धमकी दिलाई कि 12 लाख रुपये दे दो, वरना कप्तान साहब के यहां दुष्कर्म की तहरीर देकर रिपोर्ट करवा दूंगी। उसके गिरोह में कुछ और लोग भी हैं, जो उन्हें धमकाते रहते हैं। मनीष की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर पूजा को गिरफ्तार कर लिया।