लखीमपुर खीरी/चंदन चौकी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण लखीमपुर खीरी ने चंदनचौकी के एकीकृत जनजाति विकास परियोजना कार्यालय प्रांगण में विधिक साक्षरता शिविर लगाया। शिविर में जिला जज राजवीर सिंह, अपर जिला जज बाबूराम, सिविल जज रामऔतार प्रसाद, सीजीएम सुनील प्रसाद आदि ने लोगों को विधिक व शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
मुख्य अतिथि एवं जिला जज राजवीर सिंह ने शिविर का उद्घाटन मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। मुख्य अतिथि जिला जज राजवीर सिंह ने लोगों को बताया की स्वच्छ समाज की जड़ शिक्षा है इसलिए शिक्षा से किसी को भी दूर न रहने दें और छोटे-मोटे झगड़ों और मन मुटाव को आपसी सूझबूझ से बैठ कर निपटाएं। इन्हें अदालत तक न ले जाएं। कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता सईद खां ने किया। मैलानी के वाइस चेयरमैन महेश अग्रवाल और व्यापारी नेता मोनू बंसल ने न्यायाधीशों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। परियोजना अधिकारी यूके सिंह ने सभी का आभार प्रकट किया। इस अवसर पर अधिवक्ता रामचंदर गौतम, रेंजर प्रदीप वर्मा, रेंजर तुलसीराम दोहरे, इंस्पेक्टर आरआर यादव, प्रधान ओमप्रकाश राना, शिवचरन राना, कल्लू राम, करम सिंह, बालकराम राना सहित कई लोग मौजूद रहे।