गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड 45 डिग्री पहुंचा पारा
बदायूं में दिन भर चिलचिलाती धूप से बेहाल हुए लोग
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। गर्मी के इस सीजन में शनिवार का दिन सबसे अधिक गर्म रहा। 45 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ इस सीजन की गर्मी का रिकॉर्ड टूट गया। लोगों को जैसे आग बरसती महसूस हुई। हर कोई गर्मी से बेहाल नजर आया। स्थिति यह थी कि कूलर और पंखे में भी शरीर से पसीना बह रहा था।
शनिवार को सुबह से ही सूर्य देवता के दर्शन के साथ गर्म हवा चलने लगी थी। दिन के 11 बजते-बजते हवा में तपिश और बढ़ गई। एक तो कड़ी धूप और ऊपर से तेज गर्मी से सड़क पर लोगों का चलना मुश्किल हो गया। बसों में सफर करने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा दिक्कत का सामना करना पड़ा है। तेज धूप के कारण जगह-जगह लोग चेहरे पर पानी के छींटे मारते दिखे। शाम को सूरज डूबने के बाद पारा गिरा तो लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली।
-----------
सुबह 10 बजे के बाद बड़ा पारा शनिवार सुबह 10 बजे तक हल्की धूप निकली थी, लेकिन इसके बाद पारा बढ़ते हुए 45 डिग्री सेल्सियस जा पहुंचा। आसमान से बरस रहीं आग के कारण छत पर रखे टैंकों में पानी लगभग खौलने लगा। घरों के अंदर पंखे गर्म हवा फेंक रहे थे। हर कोई इस भीषण गर्मी से बचने का उपाय देख रखा था। बाजार का आलम यह था कि जहां दिन भर भीड़भाड़ लगी रहती थी वहां चंद लोग ही नजर आ रहे थे। सड़क पर जाने वाले मुंह और सिर पर कपड़ा बांधे नजर आए।