नवाबगंज। राशन वितरण में लगातार मिल रही शिकायत को देखते हुए पूर्ति निरीक्षक ने भदपुरा के एक गांव में कोटे के दुकान पर औचक निरीक्षण किया, जिसमें 14.63 क्विंटल राशन गायब मिला। डीएम के आदेश के बाद राशन विक्रेता पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पूर्ति निरीक्षक सुनील कुमार भटनागर तीन दिन पहले विकास क्षेत्र भदपुरा के गांव माधोपुर की राशन विक्रेता अनीता देवी की दुकान पर पहुंचे और वहां औचक निरीक्षण किया। उनको राशन की दुकान पर 122 बोरी गेहूं और 166 बोरी चावल मिला था। प्रति बोरी में 50 किग्रा का वजन था। पूर्ति निरीक्षक को इसके अलावा दुकान में कोई और सामान नहीं मिला था। कोटेदार अनीता देवी की दुकान पर वर्तमान और शेष बचे राशन का मिलान किया गया तो दुकान पर 14 क्विंटल 63 किग्रा राशन कम मिला।
आपूर्ति निरीक्षक ने इस राशन की कालाबाजारी मानते हुए कोटेदार के खिलाफ रिपोर्ट बनाकर एसडीएम अजय कुमार उपाध्याय को सौंप दी, जिसे एसडीएम ने वैधानिक कार्रवाई की अपनी संस्तुति रिपोर्ट डीएम को भेज दी। डीएम से आदेश मिलने के बाद आपूर्ति निरीक्षक सुनील कुमार भटनागर ने थाना क्योलड़िया में कोटेदार अनीता देवी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। संवाद